Vistaar NEWS

राहुल से पहले भी था एक बेटा, चंद घंटे में ही छोड़ दिया था साथ… अपनी किताब में सोनिया गांधी ने बयां किया दर्द

Belonging: A Journey of Love

सोनिया गांधी ने बयां किया अपने पहले बेटे के निधन का दर्द

Belonging: A Journey of Love: कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ इन दिनों चर्चा में है. किताब बिना किसी प्रमोशन के बाजार में लोगों के पढ़ाने के लिए उपलब्ध हो गई है. इस किताब के बाजार में आने के बाद से ही कुछ लोग इसे पंसद कर रहे हैं, तो वहीं कुछ पाठक सोनिया गांधी और कांग्रेस पार्टी की आलोचना कर रहे हैं.

किताब में सोनिया गांधी ने अपने जीवन से जुड़े कई निजी अनुभव साझा किए हैं. इनमें साल 1969 में अपने पहले बच्चे को खोने का दर्दनाक प्रसंग भी शामिल है. उन्होंने बताया है कि नवजात बेटे की मौत के बाद परिवार के सामने उसके अंतिम संस्कार को लेकर मुश्किल स्थिति पैदा हो गई थी. परंपराओं के बीच सोनिया अपने बच्चे को नदी में प्रवाहित करने के लिए तैयार नहीं थीं. आखिरकार राजीव गांधी और संजय गांधी ने महरौली स्थित परिवार के फार्म में उसे दफनाया.

सोनिया गांधी के मुताबिक, सितंबर 1968 में उन्हें अपनी पहली गर्भावस्था के बारे में पता चला था. इस खबर से गांधी परिवार में खुशी का माहौल बन गया. पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी भी इस खबर से बेहद खुश थीं. सोनिया ने किताब में बताया कि इंदिरा गांधी ने उन्हें गले लगाया और प्यार से कहा कि एक बड़ी बच्ची अब खुद मां बनने जा रही है.

समय से पहले हुआ बेटे का जन्म

सोनिया ने लिखा कि 18 जनवरी 1969 को उन्होंने समय से करीब दो महीने पहले सामान्य प्रसव के जरिए एक बेटे को जन्म दिया. बच्चे के जन्म के साथ परिवार में खुशियां आईं, लेकिन यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी. जन्म के बाद नवजात को इनक्यूबेटर में रखा गया था, जहां सोनिया ने पहली बार उसकी आवाज सुनी. इसके बाद राजीव गांधी ने उन्हें बच्चे को दिखाया.

सोनिया ने अपने अनुभव को याद करते हुए लिखा कि उनका बेटा बेहद छोटा, लेकिन पूरी तरह विकसित शिशु था. उसके घने काले बाल और लंबी, पतली उंगलियां थीं. राजीव और सोनिया कुछ देर तक उसे निहारते रहे. राजीव का हाथ सोनिया के कंधे पर था और दोनों अपने बच्चे को देखकर भावुक हो गए थे. उस पल में वे उससे गहरा लगाव महसूस करने लगे थे.

दोनों इस सदमे को स्वीकार नहीं कर पा रहे थे. सोनिया फूट-फूटकर रोईं और राजीव की आंखों से भी आंसू बहने लगे. सोनिया ने लिखा कि राजीव को बचपन से अपनी भावनाओं को नियंत्रित रखने की सीख मिली थी, लेकिन इस घटना ने उन्हें भी भीतर तक तोड़ दिया था.

बेटे की मौत की खबर सुनकर अस्पताल पहुंचीं इंदिरा गांधी

बेटे की मौत की जानकारी मिलने पर इंदिरा गांधी ने अपनी यात्रा रद्द कर दी और अस्पताल पहुंच गईं. सोनिया ने लिखा कि इंदिरा ने उन्हें और राजीव को गले लगाया. उनकी आंखें रोने के कारण लाल और सूजी हुई थीं. वह काफी देर तक दोनों के साथ रहीं. हालांकि, उन्हें अपने निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा करने के लिए अगली सुबह वहां से जाना पड़ा. सोनिया के अनुसार, इंदिरा भी इस बच्चे के जन्म का बेसब्री से इंतजार कर रही थीं और उसके निधन से बेहद दुखी थीं.

नवजात के अंतिम संस्कार को लेकर खड़ा हुआ सवाल

बच्चे की मौत के बाद परिवार के सामने उसके अंतिम संस्कार का सवाल खड़ा हो गया. सोनिया ने अपनी आत्मकथा में लिखा कि उस समय हिंदू परंपराओं के अनुसार नवजात शिशु का सामान्य रूप से दाह संस्कार नहीं किया जाता था. उनके सामने बच्चे को नदी में प्रवाहित करने का विकल्प रखा गया. दूसरी ओर, उसे ईसाई या पारसी कब्रिस्तान में दफनाने को लेकर भी व्यावहारिक और सामाजिक मुश्किलें थीं.

उन्होंने लिखा कि उन्होंने रोते हुए साफ कह दिया था कि वह किसी भी कीमत पर अपने बच्चे को नदी में प्रवाहित नहीं होने देंगी. सोनिया के लिए यह केवल अंतिम संस्कार की प्रक्रिया का सवाल नहीं था, बल्कि उस बच्चे के प्रति सम्मान और अपने मातृत्व की भावनाओं से जुड़ा विषय था. उन्होंने सवाल उठाया कि वह अपने नन्हे बच्चे के साथ ऐसा करने के लिए कैसे सहमत हो सकती थीं, जिसे जिंदगी जीने का अवसर ही नहीं मिल पाया.

गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे दफनाया गया बच्चा

आखिरकार परिवार ने बच्चे को महरौली स्थित फिरोज गांधी के फार्म में दफनाने का फैसला किया. सोनिया के अनुसार, राजीव गांधी अस्पताल से लौटे और उन्होंने बताया कि संजय और उन्होंने मिलकर बच्चे को एक गुलाबी बोगनवेलिया की झाड़ी के नीचे दफना दिया है. यह झाड़ी फार्म की भीतरी दीवार के बाईं ओर थी और उस समय गुलाबी फूलों से ढकी हुई थी.

सोनिया ने लिखा कि इसके बाद लंबे समय तक जब भी परिवार उस जगह पर जाता, वहां रुककर एक फूल रखता था. इससे उनका दुख पूरी तरह खत्म नहीं हुआ, लेकिन धीरे-धीरे उन्हें इस नुकसान को स्वीकार करना पड़ा.

गर्भावस्था के दौरान इंदिरा गांधी रखती थीं खास ध्यान

आत्मकथा में सोनिया ने गर्भावस्था के दौरान के दिनों का भी जिक्र किया है. उन्होंने बताया कि इंदिरा गांधी उनके खानपान, सैर और व्यायाम का विशेष ध्यान रखती थीं. उस समय वह राजीव की मां के सामने अपनी बात कहने में संकोच करती थीं.

सोनिया ने लिखा कि उन्हें इटैलियन खाने की बहुत याद आती थी. इसके अलावा जामुन और फालसा खाने की इच्छा होती थी. उन्हें संतरे के स्वाद वाला फैंटा पेय भी बेहद पसंद था और वह दिन में इसके करीब 12 गिलास तक पी जाती थीं.

विवादित लेख ने बढ़ाया सोनिया का दर्द

पहले बच्चे को खोने का दुख सोनिया गांधी के लिए लंबे समय तक बना रहा. उन्होंने लिखा कि इस घटना के बाद वह उदासी, हीनभावना और अपराधबोध से घिर गई थीं. इसी दौरान दक्षिणपंथी विचारधारा वाले एक विपक्षी अखबार में इंदिरा गांधी को लेकर एक विवादित लेख प्रकाशित हुआ. लेख का शीर्षक था, ‘इंदिरा गांधी एक नाजायज बच्चे की दादी बनने की अपनी कोशिश में नाकाम रहीं.’

सोनिया ने इस टिप्पणी को बेहद क्रूर बताते हुए लिखा कि इसके शब्दों ने उनके दिल पर गहरे घाव किए. वह पहले ही अपने बच्चे को खोने के गम से जूझ रही थीं और इस तरह की टिप्पणी ने उनके दर्द को और बढ़ा दिया. उन्होंने सवाल किया कि आखिर उन्होंने ऐसा क्या किया था, जिसके कारण उन्हें इतनी नफरत और अपमान का सामना करना पड़ा.

1970 में राहुल गांधी को दिया जन्म

समय के साथ सोनिया और राजीव ने इस दुख से उबरने की कोशिश की. सोनिया ने बताया कि धीरे-धीरे उनके जीवन में फिर से उम्मीद लौटने लगी. उसी साल अक्टूबर में उन्होंने राजीव को अपनी दूसरी गर्भावस्था के बारे में बताया. इसके बाद 19 जून 1970 को उन्होंने अपने दूसरे बच्चे राहुल गांधी को जन्म दिया.

Exit mobile version