Vistaar NEWS

बाल-बाल बचे रेसलर द ग्रेट खली, पंजाब से पानीपत जाते समय कार का हुआ एक्सीडेंट

The Great Khali's car meets with an accident.

द ग्रेट खली की कार का एक्सीडेंट

The Great Khali: हरियाणा के पानीपत टोल प्लाजा के पास शनिवार को मशहूर रेसलर द ग्रेट खली की कार दुर्घटना का शिकार हो गई. हादसे के दौरान खली पंजाब से सोनीपत की ओर जा रहे थे. राहत की बात यह रही कि दुर्घटना में खली समेत किसी अन्य व्यक्ति को चोट नहीं आई. हालांकि, टक्कर के कारण उनकी कार को नुकसान पहुंचा, जिसके बाद उन्होंने क्षतिग्रस्त वाहन को मौके पर ही छोड़ दिया और दूसरी गाड़ी से सोनीपत के लिए रवाना हो गए.

अचानक ब्रेक लगाने से हुई टक्कर

जानकारी के मुताबिक, द ग्रेट खली की फॉर्च्यूनर के आगे एक इनोवा कार चल रही थी. बताया जा रहा है कि इनोवा के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए. इसके चलते फॉर्च्यूनर चला रहे ड्राइवर को भी अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, लेकिन गाड़ियों के बीच टक्कर हो गई. हादसे में फॉर्च्यूनर को नुकसान पहुंचा, जबकि खली और उनके साथ मौजूद लोग पूरी तरह सुरक्षित रहे.

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

दुर्घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई. कुछ समय के लिए वहां अफरा-तफरी का माहौल भी बन गया. खली की टीम के सदस्य अनिल शर्मा ने बताया कि हादसा मामूली था और किसी को चोट नहीं लगी. उन्होंने बताया कि आगे चल रही इनोवा के अचानक ब्रेक लगाने की वजह से यह टक्कर हुई.

दूसरी गाड़ी से सोनीपत रवाना हुए खली

हादसे के बाद खली की क्षतिग्रस्त कार को वहीं छोड़ दिया गया और उनके लिए दूसरी गाड़ी की व्यवस्था की गई. इसके बाद उन्होंने उसी गाड़ी से सोनीपत की यात्रा पूरी की. हादसे की खबर सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों में भी चिंता बढ़ गई थी, लेकिन खली के सुरक्षित होने की जानकारी मिलने पर लोगों ने राहत की सांस ली.

WWE में शानदार रहा खली का करियर

द ग्रेट खली भारत के सबसे चर्चित पेशेवर रेसलर्स में शामिल रहे हैं. WWE में 2006 से 2014 के बीच उनके करियर ने उन्हें दुनियाभर में पहचान दिलाई. इस दौरान उनकी अंडरटेकर, जॉन सीना और बिग शो जैसे बड़े रेसलर्स के साथ मुकाबले और राइवलरी चर्चा में रहे. खली को 2021 में WWE हॉल ऑफ फेम में शामिल किया गया था. रिंग से दूरी बनाने के बाद भी वह सोशल मीडिया के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़े रहते हैं.

ये भी पढे़ं- PM बनने की पसंद में टॉप-3 में विजय, लिस्‍ट में राहुल गांधी और अभ‍िजीत दीपके भी शामिल, नंबर-1 कौन?

Exit mobile version