Bengal Politics: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद तृणमूल कांग्रेस अब संगठन को संभालने और नुकसान की समीक्षा में जुट गई है. इसी बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की बुलाई गई अहम बैठक से 10 विधायकों की गैरमौजूदगी ने बंगाल की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है. विधायकों के बैठक में शामिल न होने के कारण राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं.
कोलकाता स्थित कालीघाट आवास पर हुई इस बैठक में पार्टी के नवनिर्वाचित विधायकों और वरिष्ठ नेताओं को बुलाया गया था. TMC के कुल 80 विधायकों में से करीब 70 विधायक ही बैठक में पहुंचे. कई नेताओं की अनुपस्थिति के बाद राजनीतिक गलियारों में अंदरूनी नाराजगी और टूट की अटकलें तेज हो गईं.
पार्टी की तरफ से तुरंत पेश की गई सफाई
विधायकों के शामिल न होने की खबर जैसे ही सामने आई वैसे ही पार्टी ने तुरंत सफाई देते हुए कहा कि अनुपस्थित विधायक किसी नाराजगी की वजह से नहीं, बल्कि अलग-अलग कारणों से बैठक में नहीं पहुंच सके. पार्टी नेतृत्व का दावा है कि कुछ विधायकों को अपने-अपने इलाकों में कार्यकर्ताओं और समर्थकों की स्थिति संभालने के लिए रुकने को कहा गया था, जबकि कुछ नेता निजी कारणों और मेडिकल इमरजेंसी की वजह से नहीं आ पाए.
क्या बोलीं ममता बनर्जी?
बैठक के दौरान ममता बनर्जी ने चुनावी हार को लेकर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव में बड़े स्तर पर गड़बड़ी हुई और पार्टी इस मुद्दे को सुप्रीम कोर्ट तक ले जा सकती है. ममता ने यह भी कहा कि कुछ “अपने लोगों” ने पार्टी को नुकसान पहुंचाया है और पूरे मामले की जांच कराई जाएगी.
सूत्रों के मुताबिक, बैठक में अनुशासन बनाए रखने पर खास जोर दिया गया. पार्टी के भीतर असंतोष और गतिविधियों पर नजर रखने के लिए वरिष्ठ नेताओं की एक अनुशासन समिति भी बनाई गई है. इसके अलावा हिंसा प्रभावित इलाकों का दौरा करने और जमीनी रिपोर्ट तैयार करने के लिए अलग-अलग फैक्ट फाइंडिंग टीमें गठित की गई हैं.
हार के बाद टीएमसी में हलचल तेज
चुनावी हार के बाद TMC के भीतर जिस तरह की हलचल दिखाई दे रही है, उसने विपक्ष को भी हमला करने का मौका दे दिया है. बीजेपी लगातार दावा कर रही है कि पार्टी के कई नेता और विधायक मौजूदा नेतृत्व से खुश नहीं हैं. वहीं TMC फिलहाल इन सभी अटकलों को खारिज कर संगठन को एकजुट दिखाने की कोशिश कर रही है.
ये भी पढ़ें: Live: सुभेंदु के PA की हत्या के पीछे कौन? पुलिस ने कथित मास्टरमाइंड किया गिरफ्तार, सुपारी लिंक की जांच
