Mamata Banerjee: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद शुरू हुई ममता बनर्जी की मुसीबतें खत्म होने का नाम नहीं ले रही हैं. हर दिन उनके सामने नई मुसीबत आ रही है. पार्टी के आधे से ज्यादा विधायक उनका साथ छोड़ चुके हैं तो वहीं खबर यह भी है कि कई सांसद भी अब उनका साथ छोड़ सकते हैं. इस सब घमासान के बीच ममता बनर्जी तय कार्यक्रम से एक दिन पहले ही दिल्ली पहुंच गई हैं.
आधिकारिक तौर पर उनका मकसद 8 जून को होने वाली INDIA गठबंधन की बैठक में हिस्सा लेना बताया जा रहा है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में चर्चा कुछ और ही है. ऐसा कहा जा रहा है कि ममता किसी दूसरे प्लान के तहत दिल्ली आई हैं.
बगावत से परेशान हैं ममता
दरअसल, TMC इस समय अपने सबसे बड़े अंदरूनी संकट से गुजर रही है. पार्टी के कई विधायक और सांसद नेतृत्व से नाराज बताए जा रहे हैं. हालात इतने बिगड़ गए कि पार्टी को अपने लगभग सभी संगठनात्मक ढांचे और मोर्चों को भंग करने जैसा बड़ा कदम उठाना पड़ा है. इसे बगावत को रोकने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है.
अब और गलती नहीं चाहती हैं ममता
सूत्रों के मुताबिक, कुछ असंतुष्ट सांसद अलग राह पकड़ सकते हैं. इसी बीच अभिषेक बनर्जी भी तय समय से पहले दिल्ली पहुंचे, जिससे यह अटकलें और तेज हो गईं कि पार्टी नेतृत्व संकट को संभालने में जुटा है. कहा जा रहा है कि ममता विधायकों वाली गलती सांसदों के साथ नहीं करना चाहती हैं. यही वजह है कि वह सब कुछ मैनेज करने के लिए अब खुद ही दिल्ली पहुंच चुकी हैं.
दिल्ली दौरे से पहले ममता की प्रस्तावित पार्टी बैठक भी चर्चा में रही है. राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि INDIA ब्लॉक की बैठक ममता के लिए सिर्फ विपक्षी एकता का मंच नहीं, बल्कि अपनी पार्टी के भीतर उठ रहे सवालों के बीच राजनीतिक समर्थन जुटाने का अवसर भी है.
ये भी पढ़ें:INDIA गठबंधन की बैठक से पहले बढ़ी तकरार, कांग्रेस और CPI(M) आमने-सामने, राहुल-प्रियंका-खरगे से मांगा जवाब
