UP News: उत्तर प्रदेश के बड़े शहरों में हमेशा जाम लगने की समस्या बनी रहती है. आम लोग इससे जूझते रहते हैं. यूपी सरकार ने जाम से निपटने के लिए एक योजना लागू की है. जिससे आम लोगों को जाम से मुक्ति मिलेगी. इस योजना को उत्तर प्रदेश पुलिस की यातायात शाखा ने सिटी-रिड्यूसिंग ट्रैफिक कंजेशन (सी-आरटीसी C-RTC) लागू किया है. जिसका मकसद शहरों में यातायात जाम को कम करना और सफर को आसान बनाना है.
इसकी शुरुआत यूपी के 20 जिलों से की जाएगी. काफी समय से देखा जा रहा है कि बड़े शहरों में लगातार वाहनों की बढ़ती संख्या की वजह से यातायात काफी प्रभावित हो रहा है. जो काफी गंभीर समस्या है. सुबह और शाम के वक्त ऐसे हालात हो जाते हैं, कि कुछ ही किलोमीटर तक का सफर तय करने में कई घंटों लग जाते हैं. ऐसे मार्गों और शहरों को चिन्हित कर नई योजना तैयार की गई है, जिससे जाम से मुक्ति मिल सकेगी.
इन जिलों को किया गया चिह्नित
यूपी पुलिस की यातायात शाखा ने जिन जिलों को चिह्नित किया है. उनमें आगरा, अलीगढ़, अयोध्या, बरेली, कानपुर, लखनऊ, मेरठ, प्रयागराज, वाराणसी, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर (नोएडा) समेत कुल 20 जिले शामिल हैं. इन जिलों में जल्द ही सी-आरटीसी योजना लागू की जाएगी. यातायात शाखा के अनुसार, इन जिलों के 172 मार्गों पर यातायात का दबाव काफी ज्यादा रहता है. सबसे ज्यादा यातायात का दबाव कानपुर में देखा गया है. यहां के 14 मार्ग चिन्हिंत किए गए हैं.
ये भी पढ़ेंः भरभराकर गिरी कच्चे तेल की कीमत, सीजफायर के बाद भारतीय शेयर बाजार में तूफानी तेजी
पहले चरण में 20 जिलों में होगा शुरू
इस योजना को जमीन पर उतारने के लिए 5E मॉडल अपनाया गया है. जो यातायात के लिए एक अच्छा प्रबंधन माना जाता है. इस दौरान नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी. सी-आरटीसी योजना की एक और बड़ी खासियत है एआई का इस्तेमाल करना. इस तकनीक के जरिए किसी भी मार्ग पर न्यूनतम, अधिकतम और औसत यात्रा समय का डेटा मिलेगा. इस योजना को पहले 20 जिलों में लागू किया जाएगा. इसके बाद मूल्यांकन कर सभी जिलों पर विचार किया जाएगा.
