Vistaar NEWS

ऑफिस में मृत मिले त्रिपुरा के डीजीपी अनुराग धनखड़ , आत्महत्या की आशंका के बीच जांच शुरू

डीजीपी अनुराग धनखड़

डीजीपी अनुराग धनखड़

Tripura DGP Anurag Dhankar: त्रिपुरा पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) सोमवार को अपने ऑफ‍िस में मृत अवस्‍था में मिले. इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मुख्यालय में हड़कंप मच गया. सीनियर पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. शुरुआती तौर पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर पड़ताल की जा रही है.

जानकारी के अनुसार, डीजीपी अपने ऑफ‍िस में ही मौजूद थे. कुछ समय तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर कर्मचारियों ने उन्हें देखने की कोशिश की. इसके बाद उन्हें अचेत अवस्था में पाया गया. तुरंत चिकित्सकों को बुलाया गया, लेकिन जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया गया.

मौत के कारणों का नहीं हो सका खुलासा

पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों का अभी खुलासा नहीं हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल किसी भी संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता और हर पहलू की निष्पक्ष जांच की जा रही है.

राज्‍य सरकार ने द‍िए जांच के आदेश

राज्य सरकार ने घटना को गंभीरता से लेते हुए विस्तृत जांच के निर्देश दिए हैं. वरिष्ठ अधिकारी लगातार मामले की निगरानी कर रहे हैं. पुलिस मुख्यालय और कार्यालय परिसर से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि घटना से पहले की गतिविधियों का पता लगाया जा सके.

मौत की सही वजह का पता पोस्टमार्टम के बाद चलेगा. पुलिस ने इस घटना पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है. 

कई पदों पर कर चुके हैं काम

त्रिपुरा पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, धनखड़ 1994 बैच के भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी हैं. उन्होंने CFTRI, मैसूर से फ़ूड टेक्नोलॉजी में पोस्ट-ग्रेजुएशन, उस्मानिया यूनिवर्सिटी से पुलिस मैनेजमेंट में मास्टर्स डिग्री और NALSAR यूनिवर्सिटी ऑफ़ लॉ, हैदराबाद से साइबर क्राइम में पोस्ट-ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है.

वे 1995 से 2003 तक त्रिपुरा में तैनात रहे। उन्होंने स्पेशल ब्रांच और AIGP के तौर पर काम करने के अलावा, लॉन्गथराई वैली में SDPO और अविभाजित पश्चिम व दक्षिण त्रिपुरा ज़िलों में ज़िला SP के तौर पर भी सेवाएं दी.

उन्‍होंने 2003 से 2004 तक, धनखड़ ने कोसोवो में UN मिशन में काम किया. 2005 से 2013 के दौरान, वे सेंट्रल डेप्युटेशन पर थे और CBI में SP और DIG के तौर पर काम किया. सेंट्रल डेप्युटेशन से लौटने के बाद, उन्होंने 2013 से 2016 तक त्रिपुरा में IGP (लॉ एंड ऑर्डर) के तौर पर काम किया. साल 2016 से 2023 तक, वे फिर से सेंट्रल डेप्युटेशन पर गए और BPR&D में IG (रिसर्च एंड करेक्शनल एडमिनिस्ट्रेशन) और CISF में IG (पर्सनल) के साथ-साथ CBI में जॉइंट डायरेक्टर और एडिशनल डायरेक्टर के तौर पर काम किया.

ये भी पढ़ें:LIVE: प्रदर्शनकारी विजय चौक तक पहुंचे, पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले, संसद भवन के गेट को किया गया बंद

Exit mobile version