Vistaar NEWS

ममता का साथ क्यों छोड़ा? शुभेंदु अधिकारी ने खोला 6 साल पुराना राज, प्रणब दा की सलाह का किया खुलासा

Suvendu Adhikari

मुख्‍यमंत्री शुभेंदु अधिकारी

West Bengal Politics: पश्चिम बंगाल की राजनीति में ममता बनर्जी का साथ छोड़कर बीजेपी में आने वाले शुभेंदु अधिकारी ने करीब छह साल बाद अपने फैसले के पीछे की कहानी बताई है. उन्होंने खुलासा किया कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) छोड़ने का फैसला अचानक नहीं लिया था. बल्कि, इसके पीछे देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी की सलाह थी. शुभेंदु के मुताबिक, प्रणब दा ने उन्हें साफ शब्दों में समझाया था कि अगर राजनीति में अपनी अलग पहचान बनानी है तो नरेंद्र मोदी के साथ जाना चाहिए.

शुभेंदु अधिकारी ने मंगलवार को कोलकाता में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान यह दिलचस्प किस्सा शेयर किया. उन्होंने प्रणब मुखर्जी को अपना राजनीतिक गुरु और अभिभावक बताया. इसके साथ ही उनहोंने कहा कि उनके साथ हुई एक मुलाकात ने राजनीतिक दिशा बदलने में बड़ी भूमिका निभाई थी.

कर्मचारी बनकर रहना है या अपना रास्ता बनाना है?

शुभेंदु ने बताया कि जब प्रणब मुखर्जी राष्ट्रपति थे, तब वह उनसे मिलने राष्ट्रपति भवन गए थे. उसी दौरान ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी भी वहां पहुंच गए. बातचीत के दौरान प्रणब मुखर्जी ने शुभेंदु से उनके राजनीतिक भविष्य को लेकर सवाल किया.

शुभेंदु के मुताबिक, प्रणब दा ने उन्हें दो रास्ते बताए थे. उन्होंने कहा था कि अगर टीएमसी में सिर्फ कार्यकर्ता या कर्मचारी बनकर रहना है तो वहीं बने रहो. लेकिन, अगर अपने दम पर आगे बढ़ना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ जुड़ जाओ. शुभेंदु ने कहा कि यह सलाह उनके लिए बिल्कुल स्पष्ट थी. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि इस मुलाकात के बारे में ज्यादा कुछ बताने पर विवाद हो सकता है.

टीएमसी को बताया बुआ-भतीजे की कंपनी

शुभेंदु ने ममता बनर्जी की पार्टी पर निशाना साधते हुए उसे बुआ-भतीजे की कंपनी करार दिया. उनका कहना था कि वह ऐसी व्यवस्था में कर्मचारी बनकर नहीं रहना चाहते थे. इसलिए उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया.

6 साल पहले छोड़ा था ममता का साथ

गौरतलब है कि शुभेंदु अधिकारी ने 16 दिसंबर 2020 को टीएमसी से इस्तीफा दिया था. इसके बाद दिसंबर में ही केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में बीजेपी का दामन थाम लिया था. साल 2021 के विधानसभा चुनाव में उन्होंने नंदीग्राम सीट पर ममता बनर्जी को हराकर सबको चौंका दिया था.

Exit mobile version