खेत के नीचे दबे मिले करोड़ों रुपये, TMC नेता की गिरफ्तारी के बाद बंगाल में सियासी भूचाल!
खेत से बरामद हुए रुपये
Deepankar Bhattacharya: पश्चिम बंगाल की राजनीति में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब टीएमसी नेता और बदुरिया नगर पालिका के चेयरमैन दीपांकर भट्टाचार्य के फार्महाउस के पीछे खेत में दबाकर रखे गए करोड़ों रुपये बरामद हुए हैं. पुलिस ने जूट के खेत की खुदाई कर करीब 2.24 करोड़ रुपये नकद बाहर निकाले हैं.
नोटों से भरे बोरे जमीन के अंदर छिपाकर रखे गए थे. जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने यहां छानबीन शुरू की थी. इसके बाद ही ये नोट बरामद किए जा सके. इस बरामदगी के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और देर रात तक पुलिस व जांच एजेंसियों की टीम मौके पर डटी रही.
छापेमारी में मिला खजाना
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई दीपांकर भट्टाचार्य की गिरफ्तारी के ठीक एक दिन बाद हुई है. इससे पहले पुलिस ने उनके ठिकानों पर छापेमारी कर करीब 80 लाख रुपये नकद, हजारों तिरपाल शीट और कई संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए थे. स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये तिरपाल आपदा राहत सामग्री के लिए थे, जिन्हें जरूरतमंदों तक पहुंचाने के बजाय गोदामों में छिपाकर रखा गया था.
पूछताछ में मिली थी खेत में पैसों की जानकारी
छापेमारी के दौरान पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग देर रात खेतों की तरफ आवाजाही कर रहे हैं. शक के आधार पर जब खुदाई शुरू हुई तो जमीन के भीतर से नोटों से भरे पैकेट निकलने लगे. मौके पर मौजूद अधिकारियों को भी इतनी बड़ी रकम देखकर हैरानी हुई. कैश गिनने के लिए मशीनें मंगानी पड़ीं. शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि यह पैसा अवैध लेन-देन और सरकारी संसाधनों में गड़बड़ी से जुड़ा हो सकता है.
छापेमारी के बाद सियासी भूचाल
मामले ने राजनीतिक रंग भी पकड़ लिया है. विपक्ष ने टीएमसी पर भ्रष्टाचार और राहत सामग्री में घोटाले के आरोप लगाए हैं. बीजेपी नेताओं ने दावा किया कि यह सिर्फ एक नेता का मामला नहीं, बल्कि पूरे सिस्टम में फैले भ्रष्टाचार की तस्वीर है. वहीं टीएमसी की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई विस्तृत सफाई सामने नहीं आई है.
ये भी पढ़ें:TMC की अंदरूनी कलह आई सामने, काकोली घोष ने कल्याण बनर्जी पर लगाए गंभीर आरोप