पश्‍च‍िम बंगाल: बीच रास्‍ते TMC व‍िधायक के पति की कुटाई! लोगों ने अंडे फेंके, हाथ पकड़कर वापस लौटाया

West Bengal: पश्चिम बंगाल के बीरभूम में पूर्व टीएमसी विधायक नीलाबती साहा के पति देबाशीष साहा पर स्थानीय लोगों ने अंडे फेंककर विरोध जताया है. प्रदर्शनकारियों ने क्षेत्र में विकास नहीं होने का आरोप लगाया, जबकि टीएमसी ने इसे राजनीतिक साजिश बताया है.
विधायक पति के साथ मारपीट

विधायक पति के साथ मारपीट

West Bengal: पश्‍च‍िम बंगाल में चुनाव नतीजों और सरकार बने महीने भर से ज्यादा का समय हो चुका है. इसके बाद भी वहां मौजूद लोगों का पुरानी सरकार और उनके नेताओं के खिलाफ गुस्सा खत्‍म होने का नाम नहीं ले रहा है. यही वजह है कि अब तक कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं जिनमें टीएमसी के नेताओं के साथ मारपीट की गई है. उनके ऊपर अंडे फेके गए. इसी तरह का मामला अब एक बार फ‍िर बीरभूम जिले के सैंथिया  से सामने आया है. जहां विधायक पति की जनता ने कुटाई कर दी.

सैंथिया में उस समय राजनीतिक माहौल गर्म हो गया, जब पूर्व तृणमूल कांग्रेस (TMC) विधायक नीलाबती साहा के पति देबाशीष साहा को स्थानीय लोगों के तीखे विरोध का सामना करना पड़ा. इलाके में पहुंचते ही कुछ लोगों ने उन पर अंडे फेंक दिए, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

जनता ने पकड़ा तो पुलिसकर्मियों ने की मदद

बताया जा रहा है कि देबाशीष साहा किसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद लोगों के एक समूह ने उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी और विरोध जताते हुए उन पर अंडे फेंक दिए. आलम यह था कि विधायक पति को जनता ने पकड़ लिया, हालांकि अचानक हुए इस विरोध के बाद सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मियों और टीएमसी कार्यकर्ताओं ने तुरंत मोर्चा संभाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया.

विरोध करने वालों ने क्या कहा?

प्रदर्शन करने वाले लोगों का आरोप है कि नीलाबती साहा के विधायक रहने के दौरान क्षेत्र की कई बुनियादी समस्याएं अनदेखी रही है. उनका कहना था कि विकास कार्यों के वादे पूरे नहीं हुए और आम जनता की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया गया. इसी नाराजगी के कारण लोगों ने इस तरह विरोध दर्ज कराया.

हालांकि, तृणमूल कांग्रेस के नेताओं ने इस घटना की कड़ी निंदा की है. पार्टी का कहना है कि यह विरोध स्वाभाविक नहीं बल्कि राजनीतिक रूप से प्रेरित था और माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गई.

वीडियो सामने आने के बाद बढ़ाई गई सुरक्षा

घटना के बाद इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है. फिलहाल किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन इस घटनाक्रम ने एक बार फिर पश्चिम बंगाल की राजनीति में सियासी माहौल गरमा दिया है. वायरल वीडियो को लेकर भी अलग-अलग राजनीतिक दल अपनी-अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं. 

ये भी पढ़ें:मोदी कैबिनेट में जल्द बड़ा फेरबदल! कई मंत्रियों की बदल सकती है जिम्मेदारी, किसकी होगी छुट्टी?

ज़रूर पढ़ें