Vistaar NEWS

Bhopal: भोपाल एयरपोर्ट पर 4 घंटे की निःशुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई सेवा शुरू, उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू ने किया शुभारंभ

Raja Bhoj Airport, Bhopal (File Photo)

राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल (फाइल तस्वीर)

Bhopal News: नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू द्वारा कोयंबटूर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से देश के 39 हवाई अड्डों पर निःशुल्क वाई-फाई सेवा का शुभारंभ किया गया. इसी क्रम में राजा भोज एयरपोर्ट, भोपाल पर भी अब यात्रियों को 4 घंटे की निःशुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.

एयरपोर्ट पर लगाए गए हाई-स्पीड एक्सेस पॉइंट

इस सुविधा के अंतर्गत यात्रियों को निर्बाध (Seamless) कनेक्टिविटी प्रदान करने हेतु भोपाल विमानतल के विभिन्न स्थानों पर 06 हाई-स्पीड वाई-फाई एक्सेस पॉइंट स्थापित किए गए हैं. इसके माध्यम से यात्रियों को न्यूनतम 1 एमबीपीएस की इंटरनेट गति उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे वे प्रतीक्षा के दौरान अपने कार्य, संचार और मनोरंजन संबंधी गतिविधियां आसानी से कर सकें.

यात्री एयरपोर्ट परिसर में उपलब्ध अधिकृत वाई-फाई नेटवर्क का चयन कर अपने मोबाइल नंबर के माध्यम से सरल सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण कर इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं.

अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए टोकन व्यवस्था

अंतरराष्ट्रीय यात्रियों के लिए हाई-स्पीड वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराने हेतु टोकन-आधारित सत्यापन प्रक्रिया “May I Help You” काउंटर के माध्यम से सुनिश्चित की गई है. वाई-फाई उपयोग में किसी भी प्रकार की असुविधा होने की स्थिति में यात्री एयरपोर्ट परिसर में स्थापित “May I Help You” काउंटर से संपर्क कर आवश्यक सहायता प्राप्त कर सकते हैं. भोपाल एयरपोर्ट यात्रियों को आधुनिक, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है.

ये भी पढे़ं- भोपाल में गौमांस मिलने के मामले में PM मोदी को खून से पत्र लिखा, हिंदूवादी संगठन ने CBI जांच की मांग की

Exit mobile version