Vistaar NEWS

350 किमी की दूरी, रात भर की चैटिंग…’, एक ही समय में प्रेमी युगल ने चुनी दर्दनाक मौत, एमपी में प्रेम कहानी का खौफनाक अंत

tragic death of a loving couple

प्रेमी युगल की दर्दनाक मौत

MP News: डिजिटल दौर में जहां मोबाइल और इंटरनेट ने दूरियों को कम कर दिया है, वहीं कभी-कभी यही जुड़ाव त्रासदी में भी बदल जाती है. मध्य प्रदेश के उज्जैन और रायसेन जिलों से एक ऐसा ही चौंकाने वाला मामला सामने आया है. करीब 350 किलोमीटर दूर रह रहे एक प्रेमी युगल ने शनिवार सुबह लगभग एक ही समय पर आत्महत्या कर ली. युवक पेशे से इंजीनियर था और युवती उसकी प्रेमिका बताई जा रही है. दोनों ने सुबह करीब छह बजे आखिरी बार फोन पर बात की और इसके बाद अपनी-अपनी जगह पर जान दे दी.

रातभर बातचीत के बाद सुबह उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के अनुसार, 26 वर्षीय ऋषभ मीणा रायसेन जिले के वनखेड़ी गांव का निवासी था और उज्जैन के मक्सी रोड स्थित एक निर्माण परियोजना में इंजीनियर के रूप में कार्यरत था. उसका प्रेम संबंध 23 वर्षीय साक्षी धाकड़ से था, जो रायसेन जिले के चिल्ली सिलारी गांव में अपने नाना के घर रह रही थी. बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात दोनों के बीच व्हाट्सएप पर लंबी बातचीत हुई थी. शनिवार सुबह ऋषभ ने साक्षी को अंतिम बार कॉल किया और उसके बाद अपना मोबाइल फोन फ्लाइट मोड पर कर लिया.

इंजीनियर ने पहले भी की कई कोशिशें

उज्जैन के पंवासा थाना क्षेत्र में स्थित केसर बाग कॉलोनी में ऋषभ का शव उसके कमरे के बाहर लटका हुआ मिला. पुलिस के मुताबिक, जांच में यह सामने आया कि उसने आत्महत्या से पहले कई कोशिशें की थीं. उसके हाथ की नस काटने और खुद को चोट पहुंचाने के संकेत मिले हैं. कमरे में शॉर्ट सर्किट के भी निशान पाए गए, जिससे अंदेशा है कि उसने करंट लगाकर जान देने का प्रयास भी किया होगा. आखिरकार उसने फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली.

प्रेमिका ने नाना के घर में लगाई फांसी

इसी दौरान रायसेन जिले में साक्षी धाकड़ ने भी अपने नाना के घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. सुबह जब परिजनों ने उसे कमरे में फंदे से लटका देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. ऋषभ के मोबाइल फोन से दोनों की तस्वीरें और चैट रिकॉर्ड बरामद हुए हैं, जो उनके गहरे संबंधों की ओर इशारा करते हैं.

पुलिस जांच और पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई

पुलिस ने दोनों मामलों में मर्ग कायम कर शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है. प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है, हालांकि विस्तृत रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी. घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक का माहौल है और गांवों में भी इस घटना को लेकर स्तब्धता बनी हुई है.

ये भी पढे़ं- रीवा में नेशनल हाई-वे पर स्कॉर्पियों और ऑटो की भिड़ंत से भीषण सड़क हादसा; 2 की मौत, कई लोग घायल

Exit mobile version