Vistaar NEWS

‘राजा लौट आया…’, राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद परिवार में लौटी खुशी, सचिन के घर जन्‍मा बेटा

Happiness Returns Home Following the Raja Raghuvanshi Murder Case

राजा रघुवंशी हत्याकांड के बाद घर में लौटी खुशियां

Indore News: इंदौर के चर्चित ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की हत्या के बाद शोक में डूबे परिवार में अब खुशियों ने दस्तक दी है. कई महीनों से गम में डूबे इस परिवार में एक बेटे का जन्म हुआ है, जिसकी किलकारी ने पूरे घर का माहौल बदल दिया है. परिजन भावुक होकर नवजात को ‘राजा’ कहकर पुकार रहे हैं और इसे अपने खोए हुए सदस्य की वापसी मान रहे हैं.

परिवार में लौट आई खुशी

दरअसल, रविवार को राजा रघुवंशी के बड़े भाई सचिन रघुवंशी के घर बेटे का जन्म हुआ. लंबे समय से दुख झेल रहे परिवार के चेहरों पर अब फिर से मुस्कान लौट आई है. परिवार के सदस्य इस बच्चे को बेहद खास मानते हुए उसे ‘राजा’ नाम से ही बुला रहे हैं.

भविष्यवाणी से जोड़ रहे घटना

राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने बताया कि तेहरवीं के दौरान कामाख्या मंदिर के पुजारी ने कहा था कि राजा की आत्मा परिवार में ही दोबारा जन्म लेगी. उनका मानना है कि यह घटना उसी बात का संकेत है. परिवार के नौ भाइयों में यह सुख सचिन के घर आया है, जिसे वे विशेष मान रहे हैं.

परिवार इस बात को भी खास मान रहा है कि जिस दिन राजा की हत्या हुई थी, वह ग्यारस का दिन था. पोस्टमार्टम के अनुसार उनकी मौत दोपहर 2:40 बजे हुई थी, जबकि नवजात का जन्म भी लगभग उसी समय 2:42 बजे हुआ. इसे परिवार एक अद्भुत संयोग मान रहा है.

बच्‍चे के जन्‍म पर मां की भावुक प्रतिक्रिया

राजा की मां उमा रघुवंशी ने कहा कि इस बच्चे के जन्म से घर में फिर से खुशियां लौट आई हैं. उन्होंने इसे भगवान की कृपा बताते हुए कहा कि उन्हें लगता है जैसे उनका बेटा फिर से उनके पास आ गया है. इसी बीच परिवार के लाेगों ने कोर्ट से मांग की है कि राजा की हत्या वाले मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में की जाए, ताकि आरोपियों को जल्द सजा मिल सके और उन्हें न्याय मिल पाए.

क्‍या है राजा राघुवंशी हत्याकांड

11 मई 2025 को राजा रघुवंशी की शादी सोनम रघुवंशी से हुई थी. इसके बाद दोनों मेघालय गए, जहां 24 मई को उनका संपर्क टूट गया. 2 जून को गहरी खाई से उनका शव मिला और 9 जून को सोनम गाजीपुर के पास मिली. इसके बाद पुलिस ने अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया और मामला फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है.

ये भी पढे़ं- MP में आबकारी विभाग को 3 दिनों में 5 हजार करोड़ जुटाने की चुनौती, 31 फीसदी शराब दुकानें नीलामी से बाहर

Exit mobile version