मौत के बाद सीने पर रखी बाइबिल, 5 दिन तक जिंदा करने की कोशिश; शव में कीड़े पड़े, बदबू आई तो पड़ोसियों को पता चला

मरियम के घर पर सचिन नाम का एक युवक दूध देने जाता था. सोमवार को भी सचिन दूध देने के लिए घर पहुंचा था. लेकिन तभी उसने दरवाजे पर देखा कि अंदर से खून निकल रहा है और तेज बदबू आ रही है.
After the death of her son in Vidisha, a woman kept the body in her house for five days, holding the Bible to her chest.

विदिशा में बेटे की मौत के बाद महिला ने 5 दिनों तक सीने पर बाइबिल रखकर घर में ही शव रखा.

MP News: मध्य प्रदेश के विदिशा में अंधविश्वास का बेहद चौकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक व्यक्ति की मौत के बाद मां ने शव को कई दिनों तक घर में ही रखा. मां ने 42 साल के बेटे की मौत के बाद उसके सीने पर बाइबिल रख दी और उसे जिंदा करने की कोशिश करती रही. 5 दिनों तक मां ने बेटे की मौत के बारे में किसी को नहीं बताया. इस दौरान शव में कीड़े पड़ गए और दुर्गंध आने लगी. जब बदबू आने पर आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो पता चला कि महिला शव के साथ कई दिनों से घर में रह रही है.

दूध वाले खून देखकर पड़ोसियों को सूचना दी

पूरा मामला सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित क्रांति चौक का है. यहां पर मरियम वर्गिस नाम की ईसाई महिला का घर है. मरियम के घर पर सचिन नाम का एक युवक दूध देने जाता था. सोमवार को भी सचिन दूध देने के लिए घर पहुंचा था. लेकिन तभी उसने दरवाजे पर देखा कि अंदर से खून निकल रहा है और तेज बदबू आ रही है. जब सचिन ने मरियम से पूछा तो उसने बताया कि मेरे बेटे को सभी लोगों ने साजिश रचकर मार दिया है. इसके बाद सचिन ने पड़ोस में रह रहे लोगों को इसकी जानकारी दी और पड़सियों ने कॉल करके पुलिस को बुला लिया.

पुलिस को घर के अंदर आने से रोका

वहीं सूचना पाकर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो मरियम ने पुलिस को भी घर के अंदर जाने से रोक दिया. मरियम ने कहा कि वह अपने बेटे को दोबारा जिंदा कर लेगी, उसको किसी की भी जरूरत नहीं है. कई बार कोशिशों के बावजूद मरियम ने पुलिस को घर के अंदर नहीं आने दिया. काफी समझाने के बाद मरियम मानी और पुलिस ने शव को कब्जे में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

कीड़े पड़ने के बाद भी शव पर रखा रहा बाइबिल

पड़ोसियों ने बताया कि 2-3 दिनों से तेजी से बदबू आ रही थी. लेकिन पहले लगा कि आसपास कोई जानवर मरा है, जिसके कारण ये दुर्गंध आ रही है. अंदाजा नहीं था कि इतने दिनों से शव रखा हुआ है. शव से बदबू आ रही थी और कीड़े पड़ चुके थे लेकिन इसके बावजूद मरियम बेटे के सीने पर बाइबिल रखकर तंत्र-मंत्र करती रही.

मौत के कारणों का पता नहीं चल सका

पड़ोसियों ने बताया कि मरियम के पति की काफी पहले ही मौत हो गई थी. इसके बाद मरियम अपने बेटे के साथ ही रहती थी. मरियम ज्यादा किसी से बातचीत नहीं करती थी. पड़ोसियों का कहना है कि शायद अचानक बेटे की मौत के सदमे को वो बर्दाश्त नहीं कर पा रही है. वहीं पूरे मामले पर थाना प्रभारी राज्यवर्धन सिंह जादौन का कहना है कि पूरे मामले में जांच की जा रही है. प्रथम दृष्टया महिला मानिसिक रूप से कमजोर नजर आ रही है. मौत के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढ़ें: ‘प्यार करते हो तो कलेक्टर से मिलो…’, गर्लफ्रेंड की शर्त पूरी करने 600 KM दूर दतिया पहुंचा UP का युवक, भीषण गर्मी में हुआ बेहोश

ज़रूर पढ़ें