‘उनकी जमीन पहले से ही विवादित है’, एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ के आरोपों पर पहली बार सूरज रजक ने तोड़ी चुप्पी

Indore News: टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ द्वारा इंदौर के शराब कारोबारी सूरज रजक पर जमीन पर कब्जा करने के आरोप के बाद पहली बार सूरज रजक प्रतिक्रिया सामने आई है.
Indore News

रेमन कक्कड़ और सूरज रजक

Indore News: टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ द्वारा इंदौर के शराब कारोबारी सूरज रजक पर जमीन पर कब्जा करने के आरोप लगाकर रजक के खिलाफ दर्ज करवाई गई एफआईआर के बाद पहली बार सूरज रजक सामने आए है. विस्तार न्यूज से चर्चा करते हुए रजक ने पूरे मामले की खुलकर जानकारी दी है. रेमन कक्कड़ ने आरोप लगाया था कि सूरज रजक बिना अनुमति उनकी पुश्तैनी जमीन पर शराब दुकान खोल रहे है. जबकि रजक का कहना है कि रेमन के दोनों भाइयों और मां के साथ बैठकर चर्चा हुई थी, जिसमें 50 लाख रुपए सालाना किराए पर जमीन देने की बात हुई थी.

रिंग रोड विस्तार के लिए दी थी जमीन

प्रसिद्ध टीवी एक्ट्रेस रेमन कक्कड़ का यशवंत निवास रोड पर पुश्तैनी मकान है, जबकि देवास नेक चौराहे पर उनकी सवा 4 हेक्टेयर पुश्तैनी जमीन है. इस जमीन में से लगभग 70 करोड़ रुपए कीमत की डेढ़ एकड़ जमीन उनके परिवार ने इंदौर विकास प्राधिकरण को रिंग रोड विस्तार के लिए दी थी. इस जमीन पर शराब दुकान खोलने के लिए सूरज रजक ने पहले रेमन के पति से बात की थी, लेकिन उन्होंने मना कर दिया था.

रेमन की मां से भी की थी बात

इसके बाद सूरज रजक ने रेमन की मां से भी घर जाकर बात भी की थी, उन्होंने भी जमीन किराए पर देने से मना कर दिया. इसके बावजूद सूरज रजक ने जमीन पर लोहे के खंभे लगाकर टीन शेड लगाने का काम शुरू कर दिया, जिस समय यह काम किया जा रहा था, उस समय रेमन के दोनों भाई इंदौर में नहीं थे, जबकि रेमन अपनी मां से मिलने के लिए इंदौर आई ही थी. जमीन पर कब्जे का प्रयास की जानकारी मिलते ही रेमन मौके पर पहुंच गई.

रेमन की पुश्तैनी जमीन विवादित है-सूरज रजक

लेकिन इस मामले में रजक के मुताबिक रेमन की पुश्तैनी जमीन विवादित है. उनकी जमीन में से जो हिस्सा सड़क के लिए दिया गया था, उस हिस्से पर रेमन के भाई रणधीर उर्फ बंटी सलूजा से फोन पर चर्चा हुई थी. बंटी ने रजक को मिलने के लिए अपने घर बुलाया था, जहां बंटी उनकी मां, बंटी का भाई और घर की दोनों बहुओं के साथ बैठकर चर्चा हुई थी, जिसमें उन्होंने कहा था कि जमीन का कोर्ट में केस चल रहा है, इस वजह से वो लिखित एग्रीमेंट नहीं कर सकते, लेकिन बिना लिखा पढ़ी के 50 लाख रुपए सालाना किराए पर जगह दे देंगे.

उनके परिवार में ही नहीं बनती-सूरज रजक

इस पर सहमति बनने के बाद रजक ने जमीन का नक्शा बनाकर बंटी को भेजा था, जिस पर दोनों की बात तय हो गई थी और रजक वहां अपनी वाइन शॉप शुरू करने के लिए तैयारी कर रहे थे, इस बीच रेमन की एंट्री हो गई. रजक के मुताबिक उस जमीन को लेकर उनके परिवार में आपस में झगड़े है, इस वजह से रेमन ने झूठा प्रकरण दर्ज करवाया है. पुलिस ने बिना जांच किए एफआईआर दर्ज की है.

मौके पर विवाद की स्थिति की जानकारी लगते ही लसुड़िया थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. रेमन की शिकायत पर पुलिस ने सूरज रजक के खिलाफ जमीन पर कब्जा करने की धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है.

मेरे पास जगह की कमी नहीं है -सूरज रजक

सूरज रजक विधायक रमेश मेंदोला के खास होने के साथ ही शहर के विवादित शराब ठेकेदार भी है. एमपीएल क्रिकेट लीग की टीम मालवा स्टेलियंस के मालिक भी है. रजक का दावा है कि उनकी दुकान सरकारी है और वो ऐसी किसी जगह पर संचालित नहीं की जा सकती, जहां के लिए अनुमति न हो, जबरन कब्जा कर शराब दुकान खोली ही नहीं जा सकती. उनके पास जगह की कमी नहीं है, दुकान दूसरी जगह शिफ्ट कर दी गई है.

ज़रूर पढ़ें