Vistaar NEWS

MP News: जबलपुर में किचन में मिली गंदगी और भारी अनियमितताओं पर प्रशासन सख्‍त, शहर के दो रिसॉर्ट सील

Two resorts sealed in Jabalpur

जबलपुर में दो रिसॉर्ट सील

MP News: गर्मियों के सीजन में अगर आप किसी रिसॉर्ट में जाते हैं, तो सावधान हो जाइए क्योंकि रिसॉर्ट में आपकी सेहत के साथ खिलवाड़ किया जा सकता है. जबलपुर जिला प्रशासन ने शहर के ऐसे ही दो रिसॉर्ट में छापामार कार्रवाई की, जहां भारी अनियमितताएं और गंदगी देखने को मिली. इसके बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों रिसॉर्ट को सील कर दिया है.

निसर्ग रिसॉर्ट में मिली कई अनियमितताएं

प्रशासन की संयुक्त टीम ने सोमवार को बरेला स्थित निसर्ग रिसॉर्ट का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं पाए जाने पर रिसॉर्ट को सील कर दिया गया. टीम में राजस्व, पुलिस, खाद्य सुरक्षा एवं विद्युत विभाग के अधिकारी शामिल थे.

फायर एनओसी और सुरक्षा व्यवस्था नहीं मिली

एसडीएम जबलपुर अभिषेक सिंह से प्राप्त जानकारी के अनुसार, तहसीलदार बरेला शशांक दुबे के नेतृत्व में किए गए निरीक्षण में रिसॉर्ट का केवल आंशिक भाग ही डायवर्टेड पाया गया. इसके साथ ही रिसॉर्ट संचालक के पास फायर एनओसी नहीं थी और अग्निशमन के लिए भी कोई व्यवस्था नहीं पाई गई.

एसडीएम जबलपुर ने बताया कि निसर्ग रिसॉर्ट के किचन में भारी गंदगी पाई गई. संयुक्त टीम में शामिल खाद्य सुरक्षा अधिकारी द्वारा रिसॉर्ट से खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए लिए गए हैं.

सुकून रिसॉर्ट पर भी प्रशासन की कार्रवाई

इसके साथ ही प्रशासन की टीम ने जबलपुर तहसील के अंतर्गत घाना स्थित सुकून रिसॉर्ट का भी निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान किचन में गंदगी, शासकीय भूमि पर अतिक्रमण, फायर प्लान और फायर एनओसी नहीं पाए जाने पर रिसॉर्ट को सील कर दिया गया.

जांच में सामने आया कि सुकून रिसॉर्ट के संचालक द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर जीवित बहते हुए नाले के प्रवाह को संकीर्ण कर दिया गया था. निरीक्षण के दौरान रिसॉर्ट का किचन अत्यंत बदबूदार और गंदा पाया गया.

खुले में रखी मिली खाद्य सामग्री

निरीक्षण के दौरान सुकून रेस्टोरेंट में खाद्य सामग्री भी खुले में रखी पाई गई. प्रशासन की संयुक्त टीम ने दोनों रिसॉर्ट में मिली गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए सख्त कार्रवाई की है.

ये भी पढे़ं- STS कर्मचारी डॉक्टर बनकर करता रहा इलाज, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीज की हालत बिगड़ने पर खुला ‘राज’

Exit mobile version