Vistaar NEWS

MP Weather Update: एमपी में बढ़े गर्मी के तेवर, IMD ने मालवा-निमाड़ समेत 11 जिलों में जारी किया लू का अलर्ट

weather today

मौसम

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है. मौसम विभाग ने मालवा-निमाड़ क्षेत्र समेत इंदौर और उज्जैन संभाग के 11 जिलों में अगले चार दिनों तक लू चलने की चेतावनी जारी की है. भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कई हिस्सों में भी हीट वेव का असर देखने को मिलेगा. मंगलवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज गर्मी रही, जबकि कुछ जगहों पर शाम के समय मौसम बदल गया और आंधी-बारिश के साथ ओले भी गिरे. रतलाम प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

चक्रवाती सिस्टम से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण और ट्रफ लाइन के कारण मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है. बालाघाट, सिवनी, दतिया, टीकमगढ़, धार, इंदौर, देवास, सीहोर, सागर और रायसेन सहित कई जिलों में दोपहर तक तेज गर्मी रही, लेकिन शाम के समय मौसम बदल गया. निवाड़ी और बालाघाट में ओलावृष्टि हुई, जबकि कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश दर्ज की गई. राजधानी भोपाल में दिनभर तेज धूप के बीच बादलों की आवाजाही बनी रही.

कई शहरों में पारा 44 डिग्री के पार

रतलाम लगातार तीसरे दिन प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. यहां तापमान 46.5 डिग्री दर्ज किया गया. धार में 44.5 डिग्री, उज्जैन में 44.4 डिग्री, श्योपुर और शाजापुर में 44 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ. इंदौर में 43.6 डिग्री, भोपाल में 42.6 डिग्री, जबलपुर में 42 डिग्री और ग्वालियर में 41.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया.

इन जिलों में लू का अलर्ट

बुधवार को इंदौर, उज्जैन, रतलाम, धार, देवास, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, झाबुआ और अलीराजपुर समेत कई जिलों में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है. मौसम विभाग के मुताबिक कई इलाकों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच सकता है.

ये भी पढे़ं- कूनो नेशनल पार्क में 4 चीता शावकों की मौत से हड़कंप, एक महीने पहले जन्मे थे, वन विभाग की टीम जांच में जुटी

Exit mobile version