कूनो नेशनल पार्क में 4 चीता शावकों की मौत से हड़कंप, एक महीने पहले जन्मे थे, वन विभाग की टीम जांच में जुटी

MP News: अधिकारियों के मुताबिक, शावकों को आखिरी बार 11 मई की शाम जीवित देखा गया था. प्रारंभिक जांच में किसी अन्य जंगली जानवर द्वारा शिकार किए जाने की आशंका जताई गई है. हालांकि मादा चीता KGP12 सुरक्षित और स्वस्थ है.
sheopur kuno national park 4 cheetah cubs die

सांकेतिक तस्वीर

MP News: (मनोज शर्मा की रिपोर्ट) श्योपुर जिले के कूनो नेशनल पार्क से बेहद दुखद खबर सामने आई है. मादा चीता KGP12 के चार शावक मंगलवार (12 मई 2026) सुबह मृत पाए गए. ये शावक 11 अप्रैल 2026 को जंगल में जन्मे थे और लगभग एक महीने के थे. मॉनिटरिंग टीम को सुबह करीब 6.30 बजे श्योपुर टेरिटोरियल डिवीजन में मांद के पास चारों शावकों के शव मिले. शव आंशिक रूप से खाए हुए पाए गए हैं.

वन विभाग ने क्या कहना है?

अधिकारियों के मुताबिक, शावकों को आखिरी बार 11 मई की शाम जीवित देखा गया था. प्रारंभिक जांच में किसी अन्य जंगली जानवर द्वारा शिकार किए जाने की आशंका जताई गई है. हालांकि मादा चीता KGP12 सुरक्षित और स्वस्थ है. वन विभाग ने कहा है कि पोस्टमार्टम और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारण स्पष्ट हो पाएंगे.

सीएम ने कल दो मादा चीता को छोड़ा था

सीएम मोहन यादव ने सोमवार (11 मई) को बोत्सवाना से लाई गई दो मादा चीता CCV-2 और CCV-3 को बाड़े से खुले जंगल में छोड़ा. दोनों चीतों का क्वारंटीन पीरियड पूरा हो चुका था. देश में प्रोजेक्ट चीता के तहत दक्षिण अफ्रीका, नामीबिया और बोत्सवाना से चीते लाकर बसाया जा रहा है. इसके लिए मध्य प्रदेश के दो स्थानों का चयन किया गया है, जिसमें श्योपुर जिले का कूनो नेशनल पार्क और मंदसौर का गांधी सागर अभ्यारण्य शामिल है.

ये भी पढ़ें: MP हाई कोर्ट के जस्टिस 3 किमी साइकिल चलाकर पहुंचे अदालत, PM की अपील पर किया अमल, लोगों ने की तारीफ

फिलहाल कूनो नेशनल पार्क में 50 चीते मौजूद हैं, जिनमें 33 भारत में जन्मे चीते शामिल हैं. गांधी सागर अभयारण्य में 3 चीते हैं. इस तरह देश में चीतों की कुल संख्या 53 बनी हुई है.

ज़रूर पढ़ें