MP News: मध्य प्रदेश के मंडला में आयोजित मिलेट फूड फेस्टिवल में आपत्तिजनक पुस्तक को लेकर बवाल हो गया. देर रात सैकड़ों हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा किया और सैकड़ों की संख्या में कोतवाली थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की है. वहीं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी इस मामले पर नाराजगी व्यक्त की है.
हिंदू देवी-देवताओं की आपत्तिजनक किताब पर विवाद
दरअसल, फूड फेस्टिवल उस समय विवादों में घिर गया, जब मेले में लगे एक स्टॉल पर हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री वाली पुस्तक की बिक्री का मामला सामने आया. देर रात हिंदूवादी संगठनों ने जमकर हंगामा किया और कोतवाली थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की. मेले में लगे एक स्टॉल से ऐसी पुस्तक बेची जा रही थी, जिसमें भगवान राम, माता सीता, राजा दशरथ सहित अन्य देवी-देवताओं के संबंध में आपत्तिजनक बातें लिखी होने का आरोप है. जैसे ही इसकी जानकारी हिंदूवादी संगठनों को लगी, बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मेले में पहुंचे और स्टॉल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया.
संगठन ने मेला प्रबंधन पर उठाए सवाल
संगठनों ने मेला प्रबंधन पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर किसकी अनुमति से इस तरह की पुस्तक की बिक्री हो रही थी? उनका कहना है कि धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली सामग्री को सार्वजनिक मंच पर बेचने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए थी.
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामला शांत किया
स्थिति बिगड़ती देख पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. स्टॉल लगाने वाले दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई. इसके बाद सैकड़ों की संख्या में हिंदू संगठन के कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे, जहां नारेबाजी करते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की गई. और देर रात उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया.
सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने व्यक्त की नाराजगी
वहीं मिलेट फूड फेस्टिवल में पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते ने भी नाराजगी व्यक्त की है. पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने कहा कि इस तरह की आपत्तिजनक पुस्तकों को समाज में नहीं आना चाहिए. उन्होंने कहा कि इस तरह की पुस्तक सुप्रीम कोर्ट ने बैन कर दी है. उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी साहित्य को सार्वजनिक करने से पहले विशेषज्ञों और प्रोफेसरों द्वारा जांच की जानी चाहिए. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
ये भी पढे़ं- MP News: शिवपुरी में दिनदहाड़े वकील की गोली मारकर हत्या, परिजनों ने लगाया पुरानी रंजिश का आरोप
