Baba Bageshwar: छतरपुर बागेश्वर धाम में हर वर्ष की भांति इस साल भी भव्य कन्या विवाह महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है. इस बार यह महोत्सव और भी खास है, क्योंकि अब ये आयोजन राष्ट्रीय से आगे बढ़कर अंतरराष्ट्रीय स्वरूप ले चुका है. नेपाल की एक बेटी का विवाह भी इस वर्ष बागेश्वर धाम से संपन्न होगा.
बाबा बागेश्वर ने क्यों दी नसीहत?
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने वर-वधू पक्ष को रविवार को विवाह से संबंधित आवश्यक सामग्री भेंट की. इसमें लहंगा, चुनरी, शेरवानी, टोपी, वरमाला सहित अन्य वैवाहिक सामग्री शामिल रही. इस अवसर पर बाबा बागेश्वर ने सभी समधियों को स्नेहपूर्ण समझाइश देते हुए कहा, ‘बहू को बेटी की तरह रखें, किसी भी प्रकार की शिकायत का अवसर न आने दें.’ कार्यक्रम के दौरान बाबा बागेश्वर ने कुछ समधियों से हंसी-मजाक भी किया और उन्हें गुलाल लगाकर आशीर्वाद दिया.
30 हजार रुपये की एफडी कराई जाएगी
बाबा बागेश्वर ने यह भी घोषणा की कि इस बार सभी नवविवाहित जोड़ों के नाम पर संयुक्त रूप से 30 हजार रुपये की एफडी कराई जाएगी, जिसे पांच वर्ष से पहले नहीं तोड़ा जा सकेगा.
कब होगा विवाह समारोह?
- करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र बागेश्वर धाम में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर सातवां कन्या विवाह महोत्सव आयोजित किया जाएगा.
- इस महोत्सव में 300 निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह धूमधाम से कराया जाएगा.
- बाबा बागेश्वर ने कहा ये सभी बेटियां अब बालाजी की बेटियां हैं. इनका विवाह पूरे मान-सम्मान और भव्यता के साथ होगा. उन्होंने बताया कि सर्वे टीम ने अथक परिश्रम कर 500 से अधिक अति निर्धन, अनाथ, मातृहीन और पितृहीन कन्याओं में से 300 कन्याओं को विवाह हेतु चयनित किया है.
- उन्होंने आगे कहा कि सीमित संसाधनों के कारण इस वर्ष 300 कन्याओं का ही विवाह संभव हो पा रहा है. देशभर के संत-महात्मा, धर्माचार्य और प्रतिष्ठित गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति में यह ऐतिहासिक आयोजन संपन्न होगा.
- बाबा बागेश्वर ने बताया कि जो कन्याएं दूर-दराज क्षेत्रों से आ रही हैं, वे 14 फरवरी तक बागेश्वर धाम पहुंच जाएं ताकि समय पर सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से की जा सकें.
वर-वधू पक्ष के लिए विशेष व्यवस्थाएं
- महोत्सव के दौरान वर एवं वधू पक्ष के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं.
- वधू पक्ष को दो वाहन पास एवं एक वधू कार्ड दिया जाएगा.
- वर पक्ष को दो वाहन पास एवं एक उपहार वाहन पास दिया जाएगा.
- दोनों पक्षों के 25-25 सदस्यों के लिए भोजन कूपन दिया जाएगा.
