Bhopal News: भानपुर जोन के अटल नेहरू नगर में बिजली कंपनी की कार्रवाई को लेकर एक गरीब और दिव्यांग परिवार का मामला सुर्खियों में आ गया है. क्षेत्र में रहने वाले हाफिज सईद और उनके परिवार पर बिजली कंपनी ने बिना मीटर के उपयोग का आरोप लगाते हुए 1 लाख 76 हजार रुपये का भारी-भरकम बिल थमा दिया है. हाफिज सईद स्वयं दिव्यांग हैं और उनकी पत्नी भी दिव्यांग बताई जा रही हैं. परिवार का कहना है कि उनके मकान में कभी बिजली मीटर लगाया ही नहीं गया, इसके बावजूद बिजली कंपनी वर्षों के कथित अवैध उपयोग के नाम पर लाखों रुपये वसूलने का दबाव बना रही है.
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया
आरोप है कि बिल जमा न करने पर कनेक्शन काट दिया गया और घर के बाहर बंदूकधारी गार्ड तैनात कर दिया गया, जिससे परिवार किसी से मदद भी न ले सके. इस पूरे मामले की जानकारी मिलने पर कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला कार्यकर्ताओं के साथ मौके पर पहुंचे. कांग्रेस ने बिजली कंपनी की कार्रवाई के विरोध में प्रतीकात्मक गांधीगिरी का सहारा लिया. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बंदूक लेकर खड़े गार्ड को फूलों की माला पहनाकर विरोध जताया और गरीब परिवार के साथ हो रहे व्यवहार पर सवाल खड़े किए.
कांग्रेस नेता ने क्या आरोप लगाया?
- मनोज शुक्ला ने आरोप लगाया कि नरेला विधानसभा क्षेत्र में बिजली कंपनी के अधिकारी और इंजीनियर रोजाना गरीब परिवारों के साथ अमानवीय और अशोभनीय व्यवहार कर रहे हैं.
- उन्होंने कहा कि जिन घरों में मीटर ही नहीं हैं, वहां लाखों रुपये का बिल थमा देना पूरी तरह अन्यायपूर्ण है.
- निर्धन और दिव्यांग परिवार इतनी बड़ी रकम कैसे जमा करेगा, इसका जवाब सरकार को देना चाहिए.
ये भी पढ़ें-Rewa News: SIR बन रही चुनौती, मतदाताओं के घर बार-बार दस्तक देना नागवार, धरने पर बैठे बीएलओ
कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा
कांग्रेस नेता ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा गरीबों के वोट से सत्ता में आती है, लेकिन चुनाव जीतने के बाद उन्हीं गरीबों के साथ ऐसा व्यवहार किया जाता है. कांग्रेस पार्टी इस तरह की मनमानी और अत्याचार की कड़ी निंदा करती है और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन जारी रहेगा.
