Bhopal News: 3 अक्टूबर को राजधानी भोपाल में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह का प्रस्तावित दौरा है. उनके दौरे की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रालय में समीक्षा बैठक की. सुरक्षा के मद्देनजर ताज लेक फ्रंट होटल, भेल दशहरा मैदान और IISER भौरी के आसपास ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध लगाया गया है. इन तीनों स्थानों पर 5 किलोमीटर की परिधि को रेड जोन/नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है. यह प्रतिबंध 2 अक्टूबर शाम 6 बजे से 3 अक्टूबर रात 10 बजे तक लागू रहेगा.
भेल दशहरा मैदान में होगा राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन
अमित शाह 3 अक्टूबर को भेल दशहरा मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय गौपालक सम्मेलन में शामिल होंगे. सम्मेलन में प्रदेशभर से 35 हजार से अधिक गोपालक और दुग्ध सहकारी समितियों के सदस्य पहुंचेंगे. भोपाल, सीहोर, बैतूल, राजगढ़, हरदा, गुना, अशोकनगर, शाजापुर, विदिशा, रायसेन और नर्मदापुरम समेत कई जिलों से गोपालकों की भागीदारी होगी. सम्मेलन में अमित शाह न्याय संहिता पर आधारित राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का उद्घाटन और अवलोकन करने के बाद कार्यक्रम को संबोधित करेंगे.
255 करोड़ के डेयरी प्लांट समेत कई परियोजनाओं की सौगात
कार्यक्रम के दौरान प्रदेश को दुग्ध संयंत्र, डेयरी प्रसंस्करण और गुणवत्ता जांच प्रयोगशालाओं से जुड़ी कई परियोजनाओं की सौगात मिलने की बात कही गई है. इनमें उज्जैन में 255 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाला डेयरी प्लांट और भोपाल में फर्मेंटेड प्रोडक्ट दूध प्लांट शामिल हैं. इसके साथ ही भोपाल पश्चिमी बायपास का भूमि पूजन भी प्रस्तावित है.
पशुपालकों को बोनस और गौशालाओं को मिलेगी सहायता
अमित शाह भोपाल और इंदौर दुग्ध संघ से जुड़े पशुपालकों को बोनस राशि वितरित करेंगे. गौशालाओं को सहायता राशि देने के साथ गोपालक दीदियों का सम्मान किया जाएगा और उन्हें डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के स्वीकृति पत्र सौंपे जाएंगे.
भौरी में IISER परिसर का होगा शिलान्यास
गौपालक सम्मेलन के बाद अमित शाह भोपाल बायपास स्थित भौरी में IISER (अत्रि) परिसर का शिलान्यास करेंगे. कार्यक्रम के दौरान परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा का अनावरण भी किया जाएगा. इसके बाद अमित शाह शाम को नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे.
सरकार के कामों का भी होगा प्रस्तुतीकरण
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव केंद्रीय मंत्री शाह के सामने कृषक कल्याण वर्ष के तहत हुई गतिविधियों और बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन का प्रस्तुतीकरण करेंगे. इसके अलावा सरकार की ओर से गृह, पशुपालन एवं डेयरी विभाग से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी भी दी जाएगी.
ये भी पढे़ं- ‘UP की ब्रह्मोस मिसाइलें पाकिस्तान की नींद…’, सीएम योगी की तारीफ करते हुए बोले अमित शाह, सपा-कांग्रेस पर साधा निशाना
