Vistaar NEWS

नर्मदा नदी में मिला 65 लाख साल पुराना जीवाश्‍म, प्रागैतिहासिक हाथी का बता रहे जबड़ा, जमीन के नीचे धंसा है हिस्‍सा

Fossil found in the river

नदी से मिला जीवाश्‍म

MP News: मध्‍य प्रदेश के रायसेन जिले के देवरी के पास सालों पुरान एक ऐसा विशाल प्रागैतिहासिक हाथी का जीवाश्‍म मिला है, जिसे देखकर हर कोई हैरान है. दरअसल, नर्मदा नदी के कटाव के कारण एक बड़ा सा गढ्ढ़ा हुआ, जिसमें एक बड़ा जीवाश्‍म मिला. विशेषज्ञों का कहना है कि यह विशाल प्रागैतिहासिक हाथी का जबड़ा है. बताया जा रहा है कि यह लगभग 65 लाख साल पुराना है और अभी भी इसका ज्यादातर हिस्‍सा पानी के नीचे दबा हुआ है.

मौके पर पहुंचेगी विशेषज्ञों की टीम

नदी के कटाव में मिले इस जीवाश्‍म में अभी भी दाढ़ पूरी तरह से सुरक्षित हैं. प्रशासन ने इसको किसी प्रकार के नुकसान से बचाने के लिए आसपास में घेराबंदी कर दी है. मौके पर मौजूद बरेली के एसडीएम अंकित कुमार जैन का कहना है कि नदी के कटाव के बाद बाहर आए इस जीवाश्‍म का जो हिस्‍सा बाहर है वह लगभग एक फुट ऊंचा और डेढ़ फुट चौड़ा है.

एसडीएम ने कहा कि इस जीवाश्‍म को किसी भी तरह से हटाया नहीं जा सकता है. विशेषज्ञों की टीम को यहीं आकर इसकी जांच और अध्‍ययन करना होगा. उन्‍होंने बताया कि प्रशासन की टीम ने इस जगह को पूरी तरह से सुरक्षित कर दिया है और इस प्रचीन अवशेष की सुरक्षा में 24 घंटों प्रशासन की टीम को नजर रखने के लिए तैनात कर दिया गया है.

65 लाख साल पुराने हाथी का जबड़ा

इस विशाल जीवाश्‍म की जांच जबलपुर के गर्वनमेंट साइंस कॉलेज में भूवि‍ज्ञान विभाग के सेवानिवृत्त प्रमुख और जीवाश्‍म विशेषज्ञ वीके खन्ना ने जबड़े की जांच की है. वीके खन्ना ने बताया कि ये दांत किसी प्रचीन हाथी के हैं और उसकी उम्र करीब 65 लाख साल बताई गई है.

खन्ना ने कहा कि दांतों की बनावट की इसको पहचानने का प्रमुख आधार रहा है. सामने आई तस्‍वीर में भी जीवाश्‍म पूरी तरह से सीधा रखा हुआ है, जिसके कारण इसकी बनावट कुछ अलग लग रही है. इस फोटो को आड़ा करके देखा जाए तो एक परत में सजे हुए दांत दिखाई देंगे, जो प्रचीन हाथियों के दांतों की बनावट से मेल खा रहे हैं. ये किसी समुद्री जीव का जबड़ा भी नहीं है, क्याेंकि हाथी जमीन पर रहने वाला जानवर होता है.

प्रागैतिहासिक हाथी का जबड़ा

वहीं जीवाश्‍म खोज से जुड़ी विशेषज्ञ डॉ प्रियंका घोष ने बताया कि जीवाश्‍म का जो हिस्‍सा बाहर दिखाई दे रहा है वो उस जानवर का निचला जबड़ा हो सकता है. उन्‍हाेंने कहा कि ये जबड़ा स्टेगोडॉन नामाडिकस नाम के एक प्रागैतिहासिक हाथी का है, जो करीब 10.5 फीट ऊंचा हुआ करता था. उनका कहना है कि इसको बड़े ही सावधानी के साथ बाहर निकाला जाना चाहिए. क्याेंकि देखना होगा कि पूरा जबड़ा या फिर हड्डी की स्थिति क्या है. अभी केवल नदी के कटाव से दांतों वाला जबड़ा बाहर आया है और बाकी की पूरी कहानी पानी के नीचे दबी हुई है.

Exit mobile version