MP News: मध्य प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री लखन पटेल से पशुपालन एवं डेयरी विभाग को वापस ले लिया गया है. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने यह विभाग अपने पास रख लिया है. अब लखन पटेल के पास सिर्फ आनंद विभाग रहेगा. बता दें कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के पास अब 11 विभाग हैं.
मुख्यमंत्री संभाग रहे ये विभाग
मुख्यमंत्री के पास सामान्य प्रशासन, गृह, जेल, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन, जनसंपर्क, नर्मदा घाटी विकास, विमानन, खनिज, लोक सेवा प्रबंधन, प्रवासी भारतीय तथा पशुपालन एवं डेयरी विभाग हैं.
विभाग वापस लेने की वजह अभी साफ नहीं
लखन पटेल से पशुपालन विभाग वापस लेने के पीछे की वजह साफ नहीं हो पाई है. फिलहाल विभाग ने कोई आधिकारिक कारण सार्वजनिक नहीं किया है. इसके चलते राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में इस फैसले के बाद से ही कई तरह की अटकलें लगती हुई नजर आ रही है.
लखन पटेल मध्य प्रदेश के दमोह जिले की पथरिया विधानसभा से भाजपा विधायक है. विधानसभा चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत के बाद मोहन सरकार के गठन पर सीएम ने उन्हें राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) पशुपालन एवं डेयरी विभाग की जिम्मेदारी सौंपी थी.
घटनाक्रम पर क्या बोले मंत्री लखन पटेल
विभाग वापस लेने पर मंत्री लखन पटेल ने कहा है कि विभाग देना और उसे वापस लेना मुख्यमंत्री का विशेषाधिकार है. मुख्यमंत्री मोहन यादव ने पशुपालन विभाग अपने पास रखा है.
लखन पटेल से पशुपालन विभाग को वापस लेने के बाद से चर्चा शुरू हो गई है कि आने वाले दिनों में मंत्रिमंडल या विभागों के प्रभारों में कुछ बदलाव देखा जा सकता है.
