Who Is Ashish Usha Agarwal: भारतीय जनता पार्टी ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है. इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश के बाद मध्य प्रदेश के सबसे ज्यादा नेताओं को जगह मिली है. पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन की टीम में जिन नेताओं को शामिल किया गया है, उनमें से एक हैं आशीष ऊषा अग्रवाल. उन्हें पार्टी में बड़ी कमान सौंपते हुए मीडिया सह संयोजक बनाया गया है. वर्तमान में वे प्रदेश मीडिया प्रभारी के पद पर कार्य कर रहे हैं.
दो अध्यक्षों के साथ काम करने का अनुभव
आशीष अग्रवाल के पास पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और वर्तमान प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के साथ काम करने का अनुभव है. उनके बारे में कहा जाता है कि उन्होंने मध्य प्रदेश में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और पार्टी के बीच सेतु की तरह काम किया और तालमेल बिठाया. सोशल मीडिया के जरिए पार्टी और राज्य सरकार की नीतियों एवं योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का काम किया. इसके साथ ही विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए लोगों को भारतीय जनता पार्टी से जोड़ने का भी काम किया.
सोशल मीडिया पोस्ट में जताया आभार
सोशल मीडिया साइट एक्स पर पोस्ट करके आशीष ऊषा अग्रवाल ने लिखा कि भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह मीडिया संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का हृदय से आभार एवं धन्यवाद. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एवं प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का भी हृदय से आभार, जिन्होंने मुझ पर विश्वास व्यक्त किया.
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय सह मीडिया संयोजक के रूप में महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे जाने पर राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय श्री नितिन नवीन जी का हृदय से आभार एवं धन्यवाद।
— Ashish Usha Agarwal आशीष ऊषा अग्रवाल (@Ashish_HG) August 17, 2026
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, माननीय केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी, माननीय…
उन्होंने आगे सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि पार्टी नेतृत्व द्वारा सौंपे गए इस महत्वपूर्ण दायित्व का मैं पूर्ण निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ निर्वहन करूंगा. संगठन के विचार एवं नीतियों तथा सरकार के जनकल्याणकारी कार्यों और उपलब्धियों को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाने के लिए पूरी ऊर्जा और परिश्रम के साथ कार्य करना मेरा संकल्प है.
ये भी पढ़ें: नितिन नवीन की नई टीम में MP का दबदबा, वीडी शर्मा- कविता पाटीदार समेत 7 नेताओं ने बनाई जगह
प्रदेश मीडिया प्रभारी से राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी
ग्वालियर जिले से ताल्लुक रखने वाले आशीष ऊषा अग्रवाल लंबे वक्त से बीजेपी प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. पार्टी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने जब अपनी नई टीम की घोषणा की तो उसमें उनका नाम यथावत रखा गया. इसके साथ ही प्रदेश मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई. अब उनका प्रमोशन किया गया है और उन्हें राष्ट्रीय मीडिया सह संयोजक पद की जिम्मेदारी गई है.
