MP Weather Today: मध्य प्रदेश में मानसून की रफ्तार धीमी पड़ती नजर आ रही है. जुलाई में पहली बार प्रदेश की बारिश सामान्य से नीचे पहुंच गई है. मौसम विभाग के अनुसार अब तक प्रदेश में औसत से 3 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है. पूर्वी मध्य प्रदेश के जबलपुर, शहडोल, सागर और रीवा संभाग में सामान्य से 17 प्रतिशत कम वर्षा हुई है, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम और ग्वालियर-चंबल संभाग में करीब 10 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज की गई है.
पांच दिन से नहीं हुई भारी बारिश
प्रदेश में पिछले पांच दिनों से कहीं भी भारी या अति भारी बारिश नहीं हुई है. भोपाल, इंदौर, उज्जैन समेत अधिकांश जिलों में बादल तो छा रहे हैं, लेकिन अच्छी बारिश नहीं होने से आधे से ज्यादा जिले सामान्य से कम वर्षा वाले क्षेत्र में पहुंच गए हैं.
अब तक कितनी हुई बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अब तक 241.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 250.1 मिमी होनी चाहिए थी. यानी अब तक बारिश सामान्य से 3 प्रतिशत कम रही है. हालांकि यह पूरे मानसून सीजन के निर्धारित कोटे का करीब 25 प्रतिशत हिस्सा है.
आज इन जिलों में बारिश के आसार
मंगलवार को सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल, अनूपपुर, डिंडौरी, मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में गरज-चमक, तेज हवा और हल्की बारिश होने की संभावना है. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, रायसेन, सीहोर, विदिशा, धार, नर्मदापुरम, सागर, दमोह, छतरपुर, टीकमगढ़, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी समेत कई जिलों में तेज धूप निकल सकती है.
24 घंटे का मौसम अपडेट
पिछले 24 घंटों के दौरान केवल सागर संभाग के कुछ इलाकों में कहीं-कहीं बारिश दर्ज की गई, जबकि बाकी प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहा. अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं हुआ.
ग्वालियर में प्रदेश का सबसे अधिक अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री सेल्सियस पचमढ़ी में रिकॉर्ड हुआ. श्योपुर, ग्वालियर और दतिया में रात का तापमान सामान्य से अधिक बना रहा.
