Vistaar NEWS

Bhopal: BJP नेता दिव्यऋषि तिवारी की करंट से मौत का मामला, पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया

bhopal Divyarishi Tiwari case

भोपाल: दिव्यऋषि तिवारी की मौत के मामले में गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज

Bhopal News: भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महामंत्री दिव्यऋषि तिवारी की मौत के मामले में पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का केस दर्ज किया है. भोपाल के एमपी नगर थाने में अज्ञात आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है. अब इस मामले में पुलिस जांच करेगी. डिवाइडर पर लगे इलेक्ट्रिक पोल में करंट आने से उनकी मौत हुई थी.

वकीलों ने की थी FIR दर्ज करने की मांग

दिव्यऋषि तिवारी पेशे से वकील थे. जिला बार से जुड़े वकीलों ने सोमवार (28 सितंबर) को वकीलों ने एमपी नगर पुलिस थाने में पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा था. जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की थी. इसके साथ ही हत्या का मामला दर्ज करने की बात कही थी.

जांच समिति का गठन

इस मामले का संज्ञान सीएम मोहन यादव ने लिया था. इसके बाद 4 सदस्यीय समिति का गठन किया गया था. कलेक्टर के आदेश पर इस समिति का निर्माण किया गया. इस कमेटी में अपर कलेक्टर सुमित पांडे, CMHO मनीष शर्मा, विद्युत सुरक्षा कार्यपालन यंत्री मोहम्मद जावेद और मध्य प्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता प्रदीप सिंह चौहान शामिल हैं. जांच दल को 5 दिनों के अंदर अपनी रिपोर्ट पेश करनी होगी.

ये भी पढ़ें: Bhopal: पोल को पकड़ते ही लगा बिजली का झटका, BJP नेता की हुई मौत, परिवार के साथ शॉपिंग करने गए थे

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, ये पूरा मामला भोपाल के एमपी नगर का है. भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता दिव्यऋषि तिवारी अपने परिवार के साथ शॉपिंग के लिए पहुंचे थे. डीबी मॉल के दूसरे ओर गाड़ी को पार्किंग में लगाकर डिवाइडर से सड़क पार कर रहे थे. इसी दौरान डिवाइडर पर लगे इलेक्ट्रिक पोल में करंट आने की वजह से उन्हें झटका लगा और वे जमीन पर गिर गए. उन्हें सीपीआर भी दिया गया और बाद में एम्स ले जाया गया. जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

Exit mobile version