भोपाल: राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और विपक्षी महागठबंधन के बड़े नेताओं की 12 दिसंबर को भोपाल में प्रस्तावित संविधान रक्षा रैली से पहले कार्यक्रम स्थल को लेकर विवाद शुरू हो गया है. लाल परेड ग्राउंड में रैली आयोजित करने की कांग्रेस की मांग पर अब तक सहमति नहीं बन पाई है. पुलिस प्रशासन ने कांग्रेस को दूसरे मैदान का विकल्प भी दिया है. ऐसे में रैली के लिए मैदान को लेकर राजनीतिक महाभारत शुरू हो गई है.
कांग्रेस ने आशंका जताई है कि जिस तरह इंदौर में कार्यक्रम को लेकर विवाद और व्यवधान की स्थिति बनी थी, वैसी ही स्थिति भोपाल में भी पैदा की जा रही है.
मध्यप्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस कमिश्नर कार्यालय पहुंचकर अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला को ज्ञापन सौंपा. कांग्रेस ने लाल परेड ग्राउंड की अनुमति देने और कार्यक्रम की तैयारियों के लिए कम से कम सात दिन पहले मैदान उपलब्ध कराने की मांग की है.
लाल परेड ग्राउंड पर कांग्रेस का सवाल- हमारे कार्यक्रम से परहेज क्यों
ज्ञापन सौंपने के बाद मुकेश नायक ने कहा कि पिछले तीन-चार महीनों में लाल परेड ग्राउंड राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए उपलब्ध कराया गया है. ऐसे में कांग्रेस के कार्यक्रम के लिए मैदान देने में परहेज क्यों किया जा रहा है? कांग्रेस को भी लाल परेड ग्राउंड उपलब्ध कराया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि 12 दिसंबर के संविधान रक्षा मार्च में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सहित देशभर के प्रमुख नेता शामिल होंगे. आयोजन में एक से डेढ़ लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है.
दूसरे मैदान के विकल्प से बढ़ा विवाद
कांग्रेस का कहना है कि इतने बड़े आयोजन के लिए लाल परेड ग्राउंड सबसे उपयुक्त स्थान है. यहां डोम, साउंड सिस्टम, बैरिकेडिंग और अन्य व्यवस्थाएं करने के लिए सात दिन का समय जरूरी है. दूसरी तरफ पुलिस प्रशासन की ओर से दूसरे मैदान के विकल्प पर विचार करने को कहा गया है. इसी को लेकर कांग्रेस और प्रशासन के बीच सहमति नहीं बन पा रही है. कांग्रेस का तर्क है कि बार-बार स्थान बदलने की स्थिति से आयोजन की तैयारियां प्रभावित होंगी.
मुकेश नायक ने कहा कि कांग्रेस प्रशासन के निर्णय का इंतजार कर रही है, लेकिन जिस तरह की परिस्थितियां बन रही हैं, उससे इंदौर जैसी स्थिति की आशंका है. कांग्रेस चाहती है कि समय रहते कार्यक्रम स्थल तय हो, ताकि बाहर से आने वाले नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के लिए व्यवस्थाएं की जा सकें.
पुलिस ने बताया अनुमति का तरीका
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मोनिका शुक्ला ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल को बताया कि कार्यक्रम की अनुमति की प्रक्रिया यातायात विभाग और सातवीं बटालियन के समन्वय से पूरी होती है. आवेदन पुलिस मुख्यालय के माध्यम से नियमानुसार सातवीं बटालियन को भेजा जाएगा. उन्होंने एक-दो दिन में फोन के माध्यम से निर्णय की जानकारी देने की बात कही है.
अब निगाहें प्रशासन के फैसले पर हैं. सवाल यह है कि कांग्रेस को लाल परेड ग्राउंड मिलेगा या फिर संविधान रक्षा मार्च के लिए दूसरे मैदान का चयन करना पड़ेगा. 12 दिसंबर के बड़े राजनीतिक आयोजन से पहले मैदान को लेकर बना यह विवाद आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है.
