भोपाल-कानपुर का सफर होगा 5 घंटे कम, NH-934 का 39.4 किमी का हिस्सा हुआ फोरलेन

Bhopal Kanpur Highway: एनएचएआई के अनुसार भोपाल-कानपुर कॉरिडोर के अलग-अलग हिस्सों के विकास से प्रमुख शहरों के बीच यात्रा समय में भी कमी आएगी. भोपाल से कानपुर पहुंचने में पहले 12 से 13 घंटे लगते थे, जो घटकर करीब 7 से 8 घंटे रह जाएगा.
bhopal kanpur highway

भोपाल कानपुर हाईवे

Bhopal Kanpur Highway: मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र से उत्तर प्रदेश का सड़क संपर्क अब पहले से ज्यादा तेज और सुगम होने जा रहा है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने राष्ट्रीय राजमार्ग-934 के मोहारी-सतई घाट खंड को दो लेन से चार लेन में विकसित किया है. करीब 710 करोड़ रुपए की लागत से तैयार इस 39.5 किलोमीटर लंबे हिस्से के शुरू होने से पहाड़ी रास्ते का सफर डेढ़ से दो घंटे के बजाय करीब 40 मिनट में पूरा किया जा सकेगा. इसका सीधा फायदा भोपाल-कानपुर कॉरिडोर से गुजरने वाले यात्रियों और मालवाहक वाहनों को मिलेगा.

अब तक इस मार्ग पर संकरी सड़क, तीखे मोड़, एस-बेंड और कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी होती थी. पहाड़ी रास्ता होने के कारण इस हिस्से को पार करने में डेढ़ से दो घंटे तक लग जाते थे. फोरलेन निर्माण के दौरान सड़क का अलाइनमेंट सुधारा गया है. जरूरत के अनुसार पहाड़ियों की कटिंग और घाटी वाले हिस्सों में भराव किया गया है. इससे सड़क की चौड़ाई बढ़ने के साथ मोड़ों पर दृश्यता और सुरक्षा भी बेहतर हुई है.

10-11 घंटे में पूरी होगी यात्रा

एनएचएआई के अनुसार भोपाल-कानपुर कॉरिडोर के अलग-अलग हिस्सों के विकास से प्रमुख शहरों के बीच यात्रा समय में भी कमी आएगी. भोपाल से कानपुर पहुंचने में पहले 12 से 13 घंटे लगते थे, जो घटकर करीब 7 से 8 घंटे रह जाएगा. इसी तरह इंदौर से कानपुर की यात्रा 16 से 18 घंटे के बजाय 10 से 11 घंटे में पूरी होने का अनुमान है.

सागर से खजुराहो पहुंचने में पहले 4 से साढ़े 4 घंटे लगते थे, अब यह दूरी 2 से ढाई घंटे में तय हो सकेगी. सागर से छतरपुर का सफर भी साढ़े 3 से 4 घंटे के बजाय डेढ़ से 2 घंटे में पूरा होने का अनुमान है.

19 बस शेल्टर बनाए गए

परियोजना में 39.5 किलोमीटर मुख्य सड़क के विकास के साथ 26 किलोमीटर सर्विस और स्लिप रोड का निर्माण किया गया है. इसके अलावा 17 किलोमीटर सड़क का विकास और हिरापुर बायपास का निर्माण भी परियोजना के महत्वपूर्ण हिस्से हैं. इससे कस्बाई क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम करने और स्थानीय वाहनों की आवाजाही आसान बनाने में मदद मिलेगी.

यात्रियों और वाहन चालकों की सुविधा के लिए एक ट्रक ले-बाय, 19 बस शेल्टर और 22 जंक्शन विकसित किए गए हैं. सड़क पर 61 पुलिया, 10 छोटे पुल और तीन बड़े पुल बनाए गए हैं. सुरक्षित आवागमन के लिए आठ वाहन अंडरपास, पांच हल्के वाहन अंडरपास और एक ओवरपास का निर्माण किया गया है.

सात एनिमल अंडरपास

पहाड़ी और वन क्षेत्र से गुजरने वाले इस मार्ग पर पर्यावरण संरक्षण का भी ध्यान रखा गया है. वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए सात एनिमल अंडरपास बनाए गए हैं. पहाड़ी ढलानों पर मिट्टी और पत्थरों के खिसकने तथा भूस्खलन की आशंका को कम करने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं. इसके तहत स्लोप स्टेबलाइजेशन, गैबियन वॉल, जियोग्रिड और बेहतर जल निकासी व्यवस्था विकसित की गई है. इनसे पहाड़ी ढलानों को मजबूती मिलेगी और मिट्टी के कटाव को रोकने में मदद मिलेगी.

खजुराहो, पन्ना और ओरछा पहुंचना आसान

मोहारी-सतई घाट खंड सागर-छतरपुर-कबरई मार्ग का महत्वपूर्ण हिस्सा है. इसके बेहतर होने से बुंदेलखंड का महोबा, बांदा और कानपुर सहित उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों से संपर्क मजबूत होगा. इसका लाभ खजुराहो, पन्ना टाइगर रिजर्व, ओरछा और छतरपुर के भीमकुंड जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंचने वाले पर्यटकों को भी मिलेगा.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें