Vistaar NEWS

MP TET 2026: मध्य प्रदेश में 20 दिसंबर को होगी शिक्षक पात्रता परीक्षा, केंद्रों पर CCTV कैमरों की होगी कड़ी नजर

MP TET Exam December 20

फाइल फोटो

MP TET 2026: मध्य प्रदेश के शिक्षक लगातार शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET 2026) का विरोध कर रहे हैं. प्रदेश के विभिन्न शिक्षक संगठनों ने इस परीक्षा का बहिष्कार करने का ऐलान किया है और भोपाल से लेकर दिल्ली तक विरोध प्रदर्शन की रणनीति बनाई है. लेकिन अब मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) द्वारा 20 दिसंबर को शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है.

सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में परीक्षा

माध्यमिक शिक्षा मंडल ने इस परीक्षा को एकदम 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा की तरह सीसीटीवी कैमरों की कड़ी निगरानी में कराने का फैसला लिया है. प्रश्नपत्रों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने सहित पूरी प्रक्रिया की निगरानी की जाएगी. माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, सुबह 11 बजे से जिला मुख्यालयों पर बनाए गए केंद्रों में परीक्षा होगी.

मंडल की ओर से परीक्षा के सभी प्रश्नपत्रों को सुरक्षित परीक्षा सेंटरों के नजदीक थानों में रखा जाएगा. इसके बाद परीक्षा के दिन इन्हें केंद्राध्यक्ष और कलेक्टर की निगरानी में केंद्रों तक पहुंचाया जाएगा. इतना ही नहीं, परीक्षा के संचालन के लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल की तरफ से पहले ही दिशानिर्देश जारी कर दिए गए हैं.

33,834 शिक्षक इस परीक्षा में होंगे शामिल

बता दें कि इस परीक्षा में प्रदेश में कुल 33,834 शिक्षक टीईटी में शामिल होंगे. इनमें 15,176 प्राथमिक और 18,658 माध्यमिक वर्ग के शिक्षक हैं. इनमें करीब 20 हजार सरकारी और 14 हजार निजी स्कूलों के अध्यापक शामिल हैं. गौरतलब है कि मंडल की तरफ से परीक्षा के लिए आवेदन की तारीख तीन बार बढ़ाई गई थी. इसके बावजूद केवल इतने ही आवेदन प्राप्त हुए हैं.

डेढ़ लाख के करीब हैं पात्र शिक्षक

वहीं टीईटी परीक्षा के दायरे में आने वाले शिक्षकों की संख्या प्रदेश में करीब डेढ़ लाख है. आवेदन कम आने की वजह शिक्षक संगठनों का विरोध है. दरअसल, जब से इस परीक्षा का ऐलान हुआ है तभी से शिक्षक संगठन लगातार इस परीक्षा का विरोध कर रहे हैं और परीक्षा न देने की जिद पर अड़े हुए हैं.

अब दोबारा पात्रता परीक्षा देना उचित नहीं – शिक्षक संगठन

शिक्षक संगठनों का कहना है कि 25 से 30 साल से पढ़ा रहे शिक्षकों के लिए अब दोबारा पात्रता परीक्षा देना उचित नहीं है. उनका कहना है कि 2005 से 2011 के बीच करीब 75 हजार शिक्षक पात्रता परीक्षा देकर भर्ती हुए थे. इसके विरोध में शिक्षक 27 नवंबर को नई दिल्ली में प्रदर्शन करेंगे.

Exit mobile version