Vistaar NEWS

भोपाल: फरार नौकर के ‘कैरेक्टर सर्टिफिकेट’ से मिला बड़ा हिंट, पूर्व IAS मर्डर केस में जांच तेज

bhopal retired ias murder

मृतक रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल

Bhopal: रिटायर्ड आईएएस राकेश अग्रवाल की हत्या के मामले में रातीबड़ पुलिस ने घर से फरार हुए नौकर वरुण कुमार के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज कर लिया है. अब इस हत्याकांड मामले में नौकर वरुण कुमार का कैरेक्टर सर्टिफिकेट सामने आया है. यह सर्टिफिकेट एसपी पटियाला द्वारा जारी किया गया था. वरुण कुमार ने एसपी पटियाला ऑफिस से कैरेक्टर सर्टिफिकेट जॉब के लिए बनवाया था. पुलिस ने दावा किया है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

घटना के बाद से ही वरुण पर हत्या का शक जताया जा रहा था. घटनास्थल से पुलिस को परिस्थितिजन्य साक्ष्य मिलने के बाद उसके खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज किया गया है. बता दें, भोपाल के सूरज नगर में 30 सितंबर की सुबह रिटायर्ड आईएएस अधिकारी राकेश अग्रवाल अपने घर में मृत पाए गए. बता दें कि उनके गले पर धारदार हथियार से रेतने के निशान थे.

पुलिस ने दी जानकारी

पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, हत्या रात 12 से 2 बजे के बीच हुई. इसके बाद रात करीब 2.15 बजे नौकर वरुण सूरज नगर से भदभदा की ओर जाने वाली सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरे में जाता दिखाई दिया. वरुण के कैरेक्टर सर्टिफिकेट में बताया गया है कि वह नैतिक और अपराधमुक्त व्यक्ति है. हालांकि जानकारी ये भी सामने आई है कि वरुण कभी भी अपने परिवार के संपर्क में नहीं रहता था. वरुण के माता-पिता की मौत हो चुकी है. उसकी बहन पटियाला में रहती है लेकिन उससे भी वरुण का कोई संबंध नहीं है.

वरुण की तलाश जारी

पुलिस का अनुमान है कि हो सकता है कि वरुण ने शातिराना तरीके से कई वारदातों को अंजाम दिया हो. खास बात तो ये है कि वरुण इतना शातिर है कि वह अपने साथ मोबाइल फोन तक नहीं रखता था. मामले में एफआईआर दर्ज हो चुकी है और पुलिस की अलग-अलग टीमें वरुण की खोज में जुटी हुई हैं.

ये भी पढ़ेंः SIR के बाद VRS की अर्जी! ओडिशा CEO आरएस गोपालन के फैसले से बढ़ी सियासी हलचल

Exit mobile version