Bhopal Crime News: भोपाल के सतपुड़ा भवन में स्थित राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (NIC) से 20 एसी के कॉपर वायर चोरी के मामले में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. एडिशनल पुलिस कमिश्नर शैलेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि अज्ञात चोरों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. घटनास्थल के आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं. आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
क्या है पूरा मामला?
अरेरा हिल्स पर स्थित सतपुड़ा भवन के NIC से चोर 20 एसी के कॉपर वायर ले उड़े. मामला 12 से 14 सितंबर के बीच का है. सार्वजनिक अवकाश के दौरान पहली मंजिल से चोरों ने हाथ साफ किया. सबसे ज्यादा हैरानी की बात ये है कि चोरी की वारदात के 28 दिन बाद भी FIR नहीं की गई थी. इससे मामला और ज्यादा पेचीदा हो गया.
कामकाज हुआ प्रभावित
NIC में सरकारी विभाग के डिजिटल सेवाओं से जुड़े सर्वर और दूसरे अहम उपकरण मौजूद हैं. इसके साथ ही चौंकाने वाली बात ये है कि संवेदनशील परिसर में घटनास्थल के आसपास कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं है. इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं. एनआईसी निदेशक और सुरक्षा अधिकारी राकेश कुमार पटेल ने शिकायत में बताया कि अज्ञात चोर ऑफिस के बाहरी गलियारे में लगे एसी के कॉपर पाइप काटकर ले गए.
ये भी पढ़ें: 34 देश, ₹3,729 करोड़ का निवेश…. मध्य प्रदेश बनेगा दुनिया का पसंदीदा टूरिस्ट डेस्टिनेशन
कॉपर वायर कटने से एसी ने काम करना बंद कर दिया. जिससे कामकाज प्रभावित हुआ है. वायर के अलावा किसी सामान के चोरी होनी की खबर नहीं है. परिसर में डिजिटल सेवाओं से जुड़े अहम उपकरणों की मौजूदगी के बावजूद सीसीटीवी कैमरे की कमी से निगरानी व्यवस्था कमजोर है.
