Bhopal: मध्य प्रदेश के राजधानी भोपाल में पेट्रोल में पानी मिलने की शिकायत पर खाद्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो पेट्रोल पंपों को सील कर दिया है. शहर में लगातार हो रही तेज बारिश के बीच सोमवार को पंपों पर पानी मिला पेट्रोल मिलने से ग्राहकों ने हंगामा खड़ा कर दिया. इस पूरे मामले की जानकारी मिलते ही खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया.
जांच रिपोर्ट का इंतजार
निरीक्षण में टीम ने प्राथमिक तौर पर पाया कि पुरानी पाइपलाइनों से वर्षा का पानी पेट्रोल में मिल रहा है. हालांकि टीमों ने पेट्रोल के नमूने लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि पेट्रोल में पानी मिलने की असली वजह क्या है. वहीं पंप संचालकों को 100 से अधिक ग्राहकों को करीब 19 हजार रुपये वापस दिलवाए हैं.
अशोकागार्डन का मामला
जानकारी के अनुसार, सोमवार को अशोकागार्डन पुष्पा नगर स्थित फैम पेट्रोल पंप ग्राहक दोपहिया वाहन में पेट्रोल डलवाने पहुंचे. यहां से पेट्रोल डलवाने के बाद कुछ दूर चलने के बाद उनकी गाड़ियां बंद हो गई. जब उन्होंने पेट्रोल बोतल में निकाला तो आधा पानी औऱ आधा पेट्रोल मिला. इसके बाद ग्राहकों ने हंगामा शुरु कर दिया और वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी अपलोड कर दिया.
जहांगीराबाद में भी मिली शिकायत
इसी तरह जहांगीराबाद स्थित बीपीसीएल के राजधानी पंप पर भी पानी मिला पेट्रोल मिलने की सूचना टीम को मिली थी. इससे टीम पंप पर पहुंची और निरीक्षण किया तो पता चला कि ग्राहकों को पानी मिला पेट्रोल दिया जा रहा था. इससे यहां से पेट्रोल के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं. यहां संचालक द्वारा करीब 70 ग्राहकों से पेट्रोल वापस लेकर करीब 10 हजार रुपये लौटाए गए हैं.
ये भी पढे़ं- Morena: जान जोखिम में डालकर पानी के बीच से गुजर रहे ग्रामीण, प्रशासन की नींद कब खुलेगी?
