Vistaar NEWS

Bhopal: BHEL गेट के पास बंद बोरी में मिला युवक का शव, शरीर पर लगी है गंभीर चोट, जांच में जुटी पुलिस

Govindpura Police Station

पुलिस थाना गोविंदपुरा

Bhopal News: मध्‍य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. शहर के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में सोमवार को दोपहर में BHEL गेट नंबर-08 के पास झाड़‍ियों के पास बोरी में बंद एक युवक की लाश मिली है. शुरूआती जांच के आधार पर पुलिस का अनुमान है कि शव करीब 4 से 5 दिन पुराना है. पुलिस शव की स्थित‍ि और परिस्थितियों को देखते हुए मामले को संदिग्ध मानकर जांच में पूरी तरह से जुट गई है.

जांच में जुटी पुलिस

मामले की सूचना मिलने के बाद गोविंदपुरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया गया. पुलिस ने शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया है. मामले में पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान फिलहाल नहीं हो पाई है. पुलिस पहचान के लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है और जानकारी जुटा रही है. इसके साथ ही दूसरे माध्‍यमों से भी मृतक की पहचान करने की कोश‍िश की जा रही है.

मृतक के शरीर पर चोटों के निशान

पुलिस के मुताबिक, मृतक के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं. इन निशानों से हत्या करके शव को फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि अभी मौत की सही वजह क्या है, इसके बारे में पता नहीं चल सका है. पुलिस का कहना है कि पोस्‍टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद असल वजह साफ हो जाएगी.

सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है. घटनास्‍थल के आसपास से सभी जरुरी साक्ष्‍यों को जुटाया जा रहा है. वहीं BHEL गेट और उसके आसपास के सभी प्रमुख रास्‍तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है. पूरे मामले की अलग-अलग पहलुओं से जांच की जा रही है.

ये भी पढे़ं- MP News: राजगढ़ में बड़ा हादसा, नाले में बही कार, 9 लोगों की मौत, 2 ने कूदकर बचाई जान

Exit mobile version