Vistaar NEWS

CM मोहन यादव को ब्रह्माकुमारी बहनों ने बांधा रक्षासूत्र, उज्जैन में महाकाल को लगाया महाभोग, इंदौर में मह‍िलाओं के लिए फ्री बस सेवा

Rakhi tied to CM Mohan Yadav.

सीएम मोहन यादव को बांधी राखी

MP News: देशभर में आज भाई-बहन का सबसे खास पर्व रक्षाबंधन मनाया जा रहा है. इस खास मौके पर मध्य प्रदेश के मुख्‍यमंत्री माेहन यादव ने ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय प्रजापिता विश्वविद्यालय से जुड़ी बहनों से मिलकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया. इस दौरान सीएम को बहनों ने रक्षासूत्र बांधकर शुभकामनाएं दी.

उज्जैन में बाबा महाकाल को बांधी राखी

उज्जैन में बाबा महाकाल की भस्मारती के दौरान मंदिर में रक्षाबंधन का पर्व मनाया गया. पुजारी परिवार की महिलाओं ने बाबा महाकाल को सबसे पहली राखी बांधी. इसके बाद बाबा महाकाल को सवा लाख लड्डुओं का महाभोग लगाया गया.महाकाल की नगरी उज्जैन में रक्षाबंधन त्योहार धूमधाम के साथ मनाया जा रहा है.

खजराना गणेश मंदिर में अर्पित की राखी

इंदौर में रक्षाबंधन के पर्व को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. इस खास अवसर पर शुक्रवार को प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर में भगवान गणेश को 40 इंच बाय 40 इंच की भव्य सनातन राखी अर्पित की गयी. इस विशेष राखी को तैयार करने में करीब ढाई महीने का समय लगा है. राखी को विशेष रूप से श्रद्धा और आस्था के साथ तैयार किया गया है.

सफाई मित्र बहनों से महापौर ने बंधवाई राखी

रक्षाबंधन के पावन पर्व पर महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने सुदामा नगर स्थित अपने निवास पर शहर की सफाई व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली सफाई मित्र बहनों से राखी बंधवाकर रक्षाबंधन का पर्व मनाया. महापौर भार्गव ने सफाई मित्र बहनों का आत्मीय स्वागत करते हुए उनसे राखी बंधवाई और उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं.

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि सफाई मित्र बहनें प्रतिदिन अपने परिश्रम और समर्पण से इंदौर को स्वच्छ रखने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं. उनका सम्मान करना और उनके साथ रक्षाबंधन का पर्व मनाना उनके लिए गर्व का विषय है. उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि स्नेह, सम्मान और जिम्मेदारी के रिश्ते को मजबूत करने का अवसर भी है. सफाई मित्र बहनें जिस समर्पण के साथ शहर की सेवा कर रही हैं, वह सभी के लिए प्रेरणादायी है.

इंदौर में बहनों ने पुलिस जवानों को बांधी राखी

इंदौर में रक्षाबंधन के पर्व पर यातायात व्‍यवस्‍था संभाल रहे पुलिस जवानों को महिलाओं ने राखी बांधकर भाई-बहन के पवित्र रिश्‍ते का संदेश दिया. बहनों ने ड्यूटी पर तैनात जवानों ने भी उन्‍हें सुरक्षा का भरोसा दिलाया. इस दौरान माहौल बेहद भावुक और खुशनुमा नजर आया. महिलाओं ने जवानों के प्रति सम्मान और आभार जताया. जवानों ने कहा कि त्योहार के दिन भी शहर की यातायात व्‍यवस्‍था और लाेगों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है. बहनों की इस पहल ने रक्षाबंधन का पर्व बेहद खास बना दिया.

शहर में बहनों के लिए फ्री बस सेवा

वहीं नगर निगम ने भी महिलाओं के लिए शहर के भीतर विशेष सुविधा देकर उन्‍हें रक्षाबंधन का उपहार दिया है. निगम ने रक्षाबंधन के पर्व पर मुफ्त सफर की सौगात दी है. AICTSL ने हर साल की तरह इस साल भी इंदौर शहर में संचालित होने वाली सिटी बसों में बहनों को सुविधा दी है. शहर में 28 अगस्त 2026 के दिन सिटी बसों में बहनें करेंगी निशुल्क यात्रा कर सकेंगी .AICTSL ने सभी संबंधित बस ऑपरेटरों को निर्देश दिए हैं कि निशुल्क यात्रा से हुए खर्च की प्रतिपूर्ति के लिए 30 अगस्त तक अपने बिल जमा करना अनिवार्य होगा.

भोपाल में रेड बस में फ्री यात्रा

रक्षाबंधन के इस खास मौके पर भाेपाल BCLL ने भी बड़ा फैसला लिया है. राजधानी में आज यानी रक्षाबंधन के दिन रेड बस में महिलाओं के लिए सफर फ्री कर दिया है. BCLL की बसों में आज महिलाओं का किराया नही लगेगा. सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक महिलाओं के लिए लाल बसों में मुफ्त यात्रा रहेगी.

ये भी पढे़ं- Indore: खजराना गणेश को अर्पित की गई 40 इंच की राखी, राष्ट्रभाव की थीम पर हुई तैयार

Exit mobile version