MP News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मूंग की 100 फीसदी खरीदी को लेकर किसान प्रदर्शन कर रहे हैं. इस पर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है. मध्य प्रदेश को पीएम-आशा योजना के तहत 4,54,580 मीट्रिक टन मूंग खरीदी को मंजूरी दे दी गई है. केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर इसकी जानकारी दी है.
एमपी को सर्वाधिक मूंग खरीदी की स्वीकृति
चिट्ठी में जानकारी दी गई कि ग्रीष्मकालीन मौसम 2025-26 के लिए, अनुमानित उत्पादन की अधिकतम सीमा 4,54,580 मीट्रिक टन मूंग की खरीद मध्य प्रदेश राज्य हेतु मूल्य समर्थन योजना के अंतर्गत पहले ही स्वीकृत की जा चुकी है. इस विभाग द्वारा इस मौसम में विभिन्न राज्यों को खरीद हेतु स्वीकृत कुल 5,23,243 मीट्रिक टन मूंग की मात्रा की स्वीकृति 87% मध्य प्रदेश को दी गयी है, जो कि देश में सर्वाधिक है.
पत्र में आगे लिखा कि इस साल भी राज्यों को पीएम-आशा योजना के अतंर्गत देश भर से केंद्र सरकार द्वारा कुल 5,23,243 मीट्रिक टन मूंग की खरीदी की जानी है जिसमें उत्तर प्रदेश से 48,298 मीट्रिक टन, हरियाणा से 2,115 मीट्रिक टन, गुजरात से 18,250 मीट्रिक टन एवं मध्य प्रदेश से सर्वाधिक 4,54,580 मीट्रिक टन की स्वीकृति प्रदान की गई है.
ये भी पढ़ें: Bhopal: मूंग खरीदी नीति के खिलाफ डटे किसान, सरकार से बातचीत बेनतीजा, मांगे पूरी होने तक जारी रहेगा आंदोलन
कृषि मंत्री ने लिखा था पत्र
मध्य प्रदेश के कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना ने केंद्रीय कृषि मंत्री को मूंग खरीद की मात्रा में वृद्धि को लेकर पत्र लिखा था. इसके जवाब में शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिक्रिया दी है. वहीं, किसान अपनी मांग को लेकर डटे हुए हैं. सीएम मोहन यादव ने किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंसाना, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग और लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह की कमेटी बनाई है. ये समिति किसानों से लगातार बात कर रही है.
