MP News: भोपाल सेंट्रल जेल की ऊंची दिवारों और भारी लोहे के दरवाजों के बीच सन्नाटें में जीवन बिताने वाले कैदियों के बीच जन्माष्टमी के मौके पर भगवान श्री कृष्ण का जन्म उत्सव मनाया गया. इस दौरान पूरे जेल का माहौल भक्तिमय हाे गया. जेल परिसर में नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की भजनों का सूर सुनाई दिया. इस आयोजन में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री सीएम मोहन यादव भी शामिल हुए .
कार्यक्रम में सीएम मोहन यादव ने भगवान श्री कृष्ण की पूजा-अर्चना कर आरती उतारी. इस दौरान सीएम ने बंदियों की सजा में बड़ी राहत देने वाली घोषणा की. सीएम ने जेल में बंद सभी पात्र बंदियों की सजा में एक महीने की विशेष छूट देने का ऐलान किया.
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर किया पोस्ट
सीएम मोहन यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करके लिखा कि आज केंद्रीय जेल, भोपाल में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में जेल विभाग के 6 अधिकारियों-कर्मचारियों को विभिन्न साहसिक कार्यों के लिए पुरस्कृत किया. इस अवसर पर बंदियों को पात्रतानुसार सजा में एक माह की छूट देने की घोषणा भी की.
नए पदों के निर्माण और पदोन्नतियों से जेल विभाग के कार्य सुचारू रूप से संचालित होंगे. प्रदेश में खुली जेलों की संख्या बढ़ाई जाएगी. महिलाओं के लिए भी जल्द से जल्द खुली जेल की व्यवस्था की जाएगी. केंद्रीय जेल में मानसिक स्वास्थ्य केंद्र भी शीघ्र प्रारंभ होगा.
आज केंद्रीय जेल, भोपाल में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में जेल विभाग के 6 अधिकारियों-कर्मचारियों को विभिन्न साहसिक कार्यों के लिए पुरस्कृत किया। इस अवसर पर बंदियों को पात्रतानुसार सजा में एक माह की छूट देने की घोषणा भी की।
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) September 4, 2026
नए पदों के निर्माण और पदोन्नतियों से जेल विभाग के कार्य… pic.twitter.com/sJJtSrNtm1
कैदियों ने तैयार की कृष्ण जन्म की झांकी
कार्यक्रम में सबसे भावुक और आकर्षक प्रस्तुति जेल में बंदियों की ओर से तैयार की गई झांकी और लघु नाटिका रही. बंदियों ने भगवान कृष्ण के मथुरा की कारागार में जन्म लेने की कथा को अभिनय के जरिए जीवंत किया. प्रस्तुति के दौरान माहौल भावुक हो गया. मुख्यमंत्री ने कहा कि जब इंसान खुद को अकेला महसूस करता है या जीवन में अंधेरा छा जाता है, तब राधा-कृष्ण उसे हिम्मत और आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं.
जेल प्रहरियों और अधिकारियों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में बेहतर काम करने वाले जेल प्रहरियों और अधिकारियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया. मुख्यमंत्री ने जेलों में बंदियों को पौष्टिक भोजन और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि किसी भी बंदी को अनावश्यक रूप से परेशान नहीं किया जाना चाहिए. मुख्यमंत्री ने बंदियों से अपनी गलतियों को सुधारने और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने की अपील की. उन्होंने कहा कि जेल की लाइब्रेरी में पढ़ाई करें, अच्छे कार्यों में हिस्सा लें और सजा पूरी करने के बाद एक बेहतर इंसान बनकर समाज में लौटें.
