MP Tribal Leaders Dinner: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सोमवार (24 अगस्त) को कुछ चुनिंदा सांसद और विधायकों को सीएम आवास में रात्रिभोज देंगे. इनमें लोकसभा सांसद, राज्यसभा सांसद, कैबिनेट मंत्री और अन्य नेता भी शामिल हो सकते हैं. बताया जा रहा है कि जिन नेताओं को डिनर का न्योता मिला है. वे सभी अनुसूचित जनजाति से आते हैं.
रात्रिभोज से पहले बैठक
इस पॉलिटिकल डिनर से पहले बैठक आयोजित की जाएगी. सीएम पहले नेताओं के साथ बैठक करेंगे, जो शाम 4 बजे से शुरू होगी और रात 8 बजे खत्म होगी. इसके बाद डिनर का कार्यक्रम होगा. इस पूरे प्रोग्राम की रूपरेखा अचानक तय की गई है. हालांकि बैठक किस मुद्दे पर होगी, इस विषय के बारे में अब तक जानकारी नहीं है.
कौन-कौन इस डिनर में शामिल हो सकता है?
इस डिनर में कई बड़े-बड़े चेहरे दिखाई दे सकते हैं. मध्य प्रदेश सरकार में अनुसूचित जाति कल्याण मंत्री नागर सिंह चौहान, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री संपतिया उइके, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया और कमलेश शाह शामिल हो सकते हैं. इनके साथ ही धार सांसद और केंद्र सरकार में महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, बैतूल सांसद एवं जनजातीय कार्य मामलों के राज्य मंत्री दुर्गादास उईके, शहडोल सांसद हिमाद्री सिंह और मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भी शामिल हो सकते हैं. बताया जा रहा हैं कि इनके अलावा 13 अन्य नेता भी शामिल हो सकते हैं.
क्या हैं इस डिनर के मायने?
रात्रिभोज के लिए जिन नेताओं का नाम सामने आ रहा है, उससे समझ आ रहा है कि राज्य सरकार का कुछ बड़ा प्लान है. इस कार्यक्रम को एकाएक प्लान किया गया है. अनुसूचित जनजाति वर्ग को साधने के लिए कवायद की जा रही है. सूत्रों के मुताबिक कहा जा रहा है कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व की ओर से सभी मुख्यमंत्रियों को ट्राइबल वर्ग और नेताओं पर फोकस करने को कहा गया है. इसी कड़ी में सीएम मोहन यादव ने प्रदेश के ट्राइबल सांसदों-विधायकों एवं नेताओं के साथ मीटिंग और डिनर करने का निर्णय लिया है.
