Bhopal News: भोपाल में करंट लगने से भाजपा नेता दिव्यऋषि तिवारी की मौत हो गई थी. आज सीएम मोहन यादव दिव्यऋषि के घर पहुंचे और उनके परिजनों से मुलाकत की. सीएम ने दिव्यऋषि के मौत पर शोक व्यक्त किया है. इस दौरान उन्होंने भोपाल में खुले बिजली के तारों को लेकर चिंता जताई. वहीं दिव्यऋषि के परिजनों ने सीएम को विस्तार न्यूज की रिपोर्ट भी दिखाई. परिजनों से मुलाकात के बाद सीएम मोहन यादव ने मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
इस मामले में नगर निगम के अधिकारियों पर कार्रवाई होगी और एग्जीक्यूटिव इंजीनियर (EE) आशीष श्रीवास्तव पर कार्रवाई तय मानी जा रही है. साथ ही असिस्टेंट इंजीनियर (AE) सुमित सिंह पर भी गाज गिर सकती है.
सीएम मोहन यादव ने लिया था संज्ञान
मामला सामने आने के बाद सीएम मोहन यादव ने तुरंत संज्ञान लिया था और 4 सदस्यीय समिति का गठन भी किया गया था. कलेक्टर के आदेश पर इस समिति का निर्माण किया गया. इस कमेटी में अपर कलेक्टर सुमित पांडे, सीएमएचओ मनीष शर्मा, विद्युत सुरक्षा कार्यपालन यंत्री मोहम्मद जावेद और मध्य प्रदेश मध्य विद्युत क्षेत्र कंपनी लिमिटेड के अधीक्षण अभियंता प्रदीप सिंह को शामिल किया गया था. जांच पेश करने के लिए 5 दिनों का समय निर्धारित किया गया था.
वकीलों ने थाने में दिया था ज्ञापन
दिव्यऋषि तिवारी पेशे से वकीत थे. उनकी मौत के बाद जिला बार से जुड़े वकीलों ने सोमवार 28 सितंबर को एमपी नगर पुलिस थाने पहुंचकर पुलिस को ज्ञापन सौंपा था. ज्ञापन में वकीलों की मांग थी कि मामले में जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. इसके साथ ही हत्या का मामला दर्ज करने की बात कही थी.
जानें पूरा मामला
दरअसल, पूरा मामला राजधानी भोपाल के एमपी नगर इलाके का है, जहां भारतीय जनता युवा मोर्चा के नेता दिव्यऋषि तिवारी अपने परिवार के साथ शाॅपिंग करने डीबी मॉल पहुंचे थे. मॉल के दूसरे तरफ गाड़ी पार्किंग में लगाकर दिव्यऋषि सड़क पार कर रहे थे. उसी समय डिवाइडर पर लगे इलेक्ट्रिक पोल में करंट आने की वजह से उन्हें झटका लग गया और वे जमीन पर जा गिरे. इस दौरान उन्हें सीपीआर भी दिया गया और बाद में एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
ये भी पढे़ं- भोपाल: करंट लगने से भाजपा नेता की मौत, सीएम मोहन यादव ने जिला प्रशासन को जांच कर कार्रवाई के दिए निर्देश
