Vistaar NEWS

MP में महिला उम्मीदवारों की तलाश के बीच कांग्रेस की अहम बैठक रद्द, चुनावी रणनीति पर होना था मंथन

Madhya Pradesh Congress Bhawan (file photo)

मध्‍य प्रदेश कांग्रेस भवन (फाइल फोटो)

MP News: मध्य प्रदेश में आगामी चुनावों को लेकर कांग्रेस ने संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू कर दी है. नगरीय निकाय से लेकर विधानसभा और लोकसभा चुनाव तक के लिए महिला उम्मीदवारों की तलाश की जा रही है. इसी रणनीति के तहत 17 नवंबर को भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक अहम बैठक प्रस्तावित थी, लेकिन अब यह बैठक रद्द हो गई है. बैठक में प्रदेशभर की सक्रिय महिला नेताओं को बुलाकर संगठन और आगामी चुनावों में उनकी भूमिका पर चर्चा की जानी थी.

महिला नेतृत्व को आगे बढ़ाने की तैयारी

कांग्रेस आगामी चुनावों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने और संभावित उम्मीदवारों की पहचान करने पर जोर दे रही है. पार्टी ऐसे महिला नेताओं को आगे लाना चाहती है, जो संगठन में सक्रिय हैं और अपने क्षेत्र में जनता के बीच अच्छी पकड़ रखती हैं. इसके साथ ही वरिष्ठ नेताओं के परिवारों की उन महिलाओं को भी राजनीति में अवसर देने की योजना है, जो सामाजिक और राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय हैं.

महिला आरक्षण के चलते बढ़ी थी मुश्किल

पिछले नगरीय निकाय चुनावों में महिला आरक्षण के कारण कई वार्डों और सीटों पर उपयुक्त उम्मीदवार तलाशना कांग्रेस के लिए चुनौती बना था. इसी अनुभव को देखते हुए पार्टी इस बार पहले से ही महिला नेताओं की पहचान कर उन्हें चुनावी जिम्मेदारियों के लिए तैयार करने की दिशा में काम कर रही है. इसका उद्देश्य चुनाव के समय उम्मीदवारों की कमी से बचना और संगठन के पास मजबूत विकल्प तैयार रखना है.

निकाय से लोकसभा चुनाव तक की तैयारी

कांग्रेस की रणनीति नगरीय निकाय चुनावों से शुरुआत करते हुए 2028 के विधानसभा चुनाव और उसके बाद लोकसभा चुनाव तक महिला नेतृत्व को मजबूत करने की है. पार्टी वार्ड स्तर से लेकर विधानसभा और संसदीय क्षेत्र तक सक्रिय महिला नेताओं का आधार तैयार करना चाहती है. हालांकि, 17 नवंबर की प्रस्तावित बैठक रद्द होने के बाद इस रणनीति पर चर्चा के लिए अगली बैठक कब होगी, इसे लेकर फिलहाल कोई जानकारी सामने नहीं आई है.

Exit mobile version