MP Weather Update: बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान अकवान आकार ले रहा है. तीन हफ्तों के भीतर ये तीसरा तूफान है, जिसका असर मध्य प्रदेश पर भी देखने को मिलेगा. मौसम विभाग के अनुसार ये मंगलवार (17 नवंबर) चक्रवाती तूफान में बदल सकता है. इससे राज्य के पूर्वी हिस्से में बदलाव देखने को मिल सकता है. बादल छाने के साथ-साथ बारिश की संभावना जताई जा रही है.
13 साल बाद ऐसा हो रहा है
साल 2013 में 19 नवंबर को हेलेन, 23 नवंबर को लहर और 6 दिसंबर को माडी नाम का तूफान आए थे. मात्र 25 दिनों के अंतराल पर तीन तूफान ने प्रभावित किया था. इसी साल अक्तूबर महीने में ‘फाइलिन’ नाम का तूफान भी आया था. अब 13 साल बाद इसी मौसम गतिविधियां फिर देखने को मिल रही हैं, जब तीन सप्ताहों के भीतर तीन तूफान आ रहे हैं.
पूर्वी मध्य प्रदेश पर सबसे ज्यादा असर
बंगाल की खाड़ी में बना डिप्रेशन उत्तर पश्चिम की ओर बढ़ रहा है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार ये नम हवाएं लेकर एमपी पहुंचेगा. इससे पूर्वी क्षेत्र में बारिश हो सकती है. जबलपुर संभाग के सिवनी, बालाघाट, मंडला और डिंडोरी जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं. वहीं, इंदौर और भोपाल संभागों में बादल छा सकते हैं और धुंध का असर दिखाई दे सकता है. आईएमडी के अनुसार प्रदेश में 24-25 नवंबर को ठंड बढ़ेगी. राजधानी भोपाल में रात के समय पारा 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे जा सकता है.
कटनी का करौंदी सबसे ठंडा रहा
मध्य प्रदेश का सबसे ठंडा स्थान कटनी जिले का करौंदी रहा. सोमवार (15 नवंबर 2026) को यहां न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं, इंदौर में 11.8 डिग्री, छिंदवाड़ा में 12.2 डिग्री, शहडोल जिले के कल्याणपुर 12.3 डिग्री और अनूपपुर जिले के अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 12.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. वहीं, अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहा.
