Vistaar NEWS

अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी पर पहुंचीं दीपिका गौतम, किलिमंजारों को फतह करने वाली MP पुलिस की पहली महिला अफसर

Deepika Gautam

दीपिका गौतम

MP News: सपने और हौसलों को एक नई पहचान देने के लिए मध्‍य प्रदेश पुलिस की इंस्‍पेक्टर दीपिका गौतम ने अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो को फतह करके नया इतिहास रच दिया है.

इस कामयाबी को हासिल करने वाली वह मध्‍य प्रदेश पुलिस की पहली महिला अधिकारी बन गई है, जिन्‍होंने अफ्रीका की इस विश्व प्रसिद्ध पर्वतीय चोटी पर सफलतापूर्वक चढ़ाई करके अपना नाम रोशन किया है.

पीएचक्यू में है पदस्‍थ

दीपिका गौतम भोपाल स्थित एससीआरबी (SCRB) पीएचक्यू में पदस्‍थ है. दीपिका ने 29 मई को लगभग 5,895 मीटर की ऊंची माउंट किलिमंजारों की चोटी पर पहुंचकर यह उपल‍ब्धि सफलतापूर्वक हासिल की है. सबसे खास बात यह है कि इस अंतरराष्ट्रीय अभियान में वे भारत की तरफ से एकमात्र प्रतिभागी थीं.

सपनों को पीछे नहीं छोड़ा

इस कामयाबी पर दीपिका ने कहा कि नौकरी और परिवारिक जिम्मेदारियों के बीच अक्सर लोग अपने सपनों को पीछे छोड़ देते हैं, लेकिन उन्होंने अपने सपनों को पीछे नहीं छोड़ा और उन सपनों को साकार किया. उनका कहना है कि सपनों के बिना जिंदगी बहुत अधूरी है, और इसी सोच ने उन्‍हें किलिमंजारों की चोटी तक ले जाने में मदद की.

माइनस डिग्री में की चढ़ाई

दीपिका ने बताया कि किलिमंजारों की चढ़ाई बेहद कठिन थी, जिसमें तीन बेस कैंप का पार करने के बाद उन्‍होंने आखिरी चढ़ाई रात में शुरू की. इस दौरान तापमान माइनस 10 से 15 डिग्री रहा. उन्‍होंने कहा कि चढ़ाई के दौरान मौसम भी बेहद अनिश्चि‍त रहा, जो हर समय बदलता रहा.

दीपिका ने कहा कि यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय पर्वत अभियान था, लेकिन उन्‍होंने इससे पहले भी अमरनाथ और केदारनाथ जैसे धार्मिक ट्रेक कई बार किए हैं. दीपिका ने खुद को मल्‍टीटास्कि‍ंग बताते हुए कहा कि वे जिंदगी में लगातार नई चुनौतियों को अपनाने में विश्वास रखती हैं.

अगले मिशन की भी कर रखी है तैयारी

दीपिका गौतम को मिली इस उपलब्धि से उनका मनोबल और बढ़ गया है. उन्‍होंने अपने आगे के प्‍लान को लेकर बताया कि उन्‍होंने अपना अगला लक्ष्‍य भी तय कर रखा है, हालांकि उन्‍होंने इसे सार्वजनिक नहीं किया है, लेकिन संकेत दिए है कि अगले साल वह विदेश में एक और पर्वत अभियान पर जा सकती है.

ये भी पढे़ं- 5 साल की आर्या और 6 साल के धैर्य ने बढ़ायी प्रदेश की शान, माइनस तापमान में पूरा किया हिमाचल का कठिन ट्रैक

Exit mobile version