Vistaar NEWS

‘कमलनाथ की वजह से मुख्यमंत्री बना’, दिग्विजय सिंह ने पूर्व CM को बड़ा भाई बताकर दी जन्मदिन की बधाई

Kamal Nath and Digvijaya Singh (file photo)

कमलनाथ और दिग्विजय सिंह (फाइल फोटो)

MP News: मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ के 80वें जन्मदिन पर उन्हें बधाई देते हुए अपने पुराने रिश्तों और राजनीतिक सहयोग का जिक्र किया. दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ को अपना बड़ा भाई बताया और कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री बनाने में कमलनाथ का योगदान सराहनीय रहा. उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह कमलनाथ की वजह से ही मुख्यमंत्री बन पाए.

कमलनाथ को बताया बड़ा भाई

दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में लिखा, ‘पूर्व केंद्रीय मंत्री, मेरे बड़े भाई कमलनाथ को जन्मदिवस की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं.’ दिग्विजय सिंह ने कमलनाथ के लंबे राजनीतिक अनुभव, सार्वजनिक जीवन और प्रदेश के विकास में उनके योगदान की सराहना की. साथ ही उनके अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र और सक्रिय जीवन की कामना की.

‘मुख्यमंत्री बनाने में उनका योगदान सराहनीय’

दिग्विजय सिंह के संदेश में कमलनाथ के प्रति जताया गया आभार सबसे खास रहा. उन्होंने मुख्यमंत्री बनने में कमलनाथ की भूमिका को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना वह इस पद तक नहीं पहुंच पाते. दोनों नेताओं के बीच लंबे समय से चले आ रहे राजनीतिक और व्यक्तिगत संबंधों के लिहाज से इस बयान को अहम माना जा रहा है.

करीब पांच दशक पुराना है दोनों नेताओं का रिश्ता

कमलनाथ और दिग्विजय सिंह मध्य प्रदेश कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शामिल रहे हैं. दोनों ने कई दशकों तक पार्टी संगठन और प्रदेश की राजनीति में अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाई हैं. सितंबर 2025 में भी दोनों नेताओं की मुलाकात और साथ में तस्वीर सामने आई थी. उस दौरान दिग्विजय सिंह ने अपने करीब पांच दशक पुराने संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा था कि राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन दिलों में मतभेद नहीं हैं.

2018 में कांग्रेस की सरकार बनने पर मुख्यमंत्री बने थे कमलनाथ

दिसंबर 2018 में मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस ने सरकार बनाई थी और कमलनाथ मुख्यमंत्री बने थे. हालांकि, मार्च 2020 में राजनीतिक घटनाक्रम के बाद उनकी सरकार गिर गई और उन्हें पद छोड़ना पड़ा. इसके बाद भी कमलनाथ और दिग्विजय सिंह प्रदेश में कांग्रेस की राजनीति में सक्रिय रहे.

जन्मदिन के संदेश से फिर चर्चा में आए पुराने संबंध

कमलनाथ के जन्मदिन पर दिग्विजय सिंह का संदेश ऐसे समय आया है, जब मध्यप्रदेश कांग्रेस में संगठन और नेतृत्व को लेकर चर्चाएं जारी हैं. 14 नवंबर को भोपाल में कमलनाथ के जन्मदिन के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए थे. कमलनाथ की अनुपस्थिति में उनके बेटे नकुलनाथ ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी. दिग्विजय सिंह के संदेश ने एक बार फिर दोनों वरिष्ठ नेताओं के आपसी संबंधों को चर्चा में ला दिया है.

Exit mobile version