Vistaar NEWS

भोपाल में DRI की बड़ी कार्रवाई, बस यात्री के पास से 2.40 करोड़ की एम्फेटामाइन जब्त, आरोपी गिरफ्तार

Amphetamine worth ₹2.40 crore seized

2.40 करोड़ का एम्फेटामाइन जब्त

MP News: मध्य प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) की भोपाल यूनिट ने 3.016 किलोग्राम एम्फेटामाइन ड्रग्स जब्त की है. अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 2.40 करोड़ रुपये आंकी गई है. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है. अधिकारियों ने मंगलवार, 17 नवंबर की सुबह सोनकच्छ टोल प्लाजा पर यह कार्रवाई की थी. इसका खुलासा रात करीब 9 बजे किया गया.

खुफिया सूचना के आधार पर बस में तलाशी

DRI अधिकारियों को सूचना मिली थी कि दिल्ली से बस में सफर कर रहा एक व्यक्ति अपने साथ प्रतिबंधित मादक पदार्थ लेकर जा रहा है. सूचना के आधार पर टीम ने सोनकच्छ टोल प्लाजा पर निगरानी बढ़ाई. बस के पहुंचते ही संदिग्ध यात्री को रोककर उसकी तलाशी ली गई. इस दौरान उसके लैपटॉप बैग में छिपाकर रखा गया भूरे रंग का एक पैकेट मिला. पैकेट के भीतर सफेद रंग का क्रिस्टलीय पदार्थ था, जिसका वजन 3.016 किलोग्राम पाया गया.

बरामद पदार्थ की पहचान के लिए अधिकारियों ने एनडीपीएस फील्ड टेस्ट किट से जांच की. शुरुआती जांच में पदार्थ एम्फेटामाइन पाया गया. इसके बाद करीब 2.40 करोड़ रुपये मूल्य की ड्रग्स जब्त कर आरोपी को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के तहत गिरफ्तार कर लिया गया. DRI मामले की आगे जांच कर रही है. अधिकारियों का प्रयास है कि मादक पदार्थों की तस्करी के स्रोत और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके.

भोपाल स्टेशन पर घाना की महिला से मिली थी कोकीन

इससे पहले 9 नवंबर को DRI ने भोपाल रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया था. घाना की रहने वाली इस महिला के पास से 591 ग्राम कोकीन बरामद हुई थी. अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में इसकी कीमत करीब 2.96 करोड़ रुपये बताई गई थी.

हॉर्लिक्स के जार और पैकेट में छिपाई थी ड्रग्स

महिला चेन्नई से दिल्ली जा रही जीटी एक्सप्रेस के बी-2 कोच में यात्रा कर रही थी. उसने कोकीन को अपने हैंडबैग में रखे हॉर्लिक्स के जार और एक बेलनाकार पैकेट में छिपा रखा था. गुप्त सूचना के आधार पर DRI की टीम ने भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया था. इस मामले में भी एनडीपीएस अधिनियम के तहत जांच जारी है.

Exit mobile version