Third FIR Against Trupti Singh: भोपाल में फर्जी आईएएस अधिकारी बनकर कई लोगों को ठगने वाली तृप्ति सिंह के खिलाफ अब पुलिस ने तीसरी एफआईआर दर्ज कर ली है. मामले में बैतूल की रहने वाली ख्याति धौलपुरे ने नौकरी लगवाने के नाम पर 3 लाख रुपये ठगने और फर्जी ट्रेनिंग देने का आरोप लगाया है.
मामले में पीड़िता ने भोपाल के बागसेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पीड़िता का कहना है कि तृप्ति ने खुद को नरोन्हा प्रशासनिक एकेडमी में HOD बताया था. वहीं तृप्ति ने बकायदा ज्वाइनिंग लेटर भी दिया था. हालांकि पुलिस उस फर्जी लेटर का वेरिफिकेशन भी करवाया है.
नौकरी का झांसा देकर ठगे 3 लाख रुपये
मामले में पीड़िता ने बताया कि जून 2024 में उसकी मुलाकात तृप्ति से हुई थी. उस दाैरान तृप्ति ने खुद को नरोन्हा अकादमी में विभागाध्यक्ष और एमपीटी में अतिरिक्त निर्देशक बताया था. नौकरी लगवाने का झांसा देकर उसने 3 लाख रुपये ठगे थे. जब बाद में इस बात का पीड़िता को अहसास हुआ तो उसने अपने पैसे वापस मांगे, फिर आरोपी तृप्ति टालमटोल करने लगी, लेकिन बाद में उसने तीन लाख रुपये लौटा दिए.
तृप्ति सिंह ने ख्याति और उसकी दोस्त का भोपाल के ट्राइबल म्यूजियम, मानव संग्रहालय में ले जाकर पौधराेपण और भाषण कराया. इस दौरान उनकी वीडियो भी बनाई. ख्याति का आरोप है कि तृप्ति ने उसे ट्रेनिंग के समय अधिकारी जैसा आत्मविश्वास दिलाया और अपने पद का नाम पूरे कॉन्फिडेंस के साथ बोलने को कहा था. यही वीडियो बाद में उसने सोशल मीडिया पर डाली.
आरटीआई से खुला राज
आरोपी तृप्ति सिंह ने खुद को आईएएस अधिकारी बताकर ही शादी की थी. विवाह के बाद जब ससुर को उसके अधिकारी होने पर आशंका हुई तो उन्होंने लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA), मसूरी से आरटीआई फाइल करके सूचना मांगी थी. इसके बाद वहां से जारी हुए जवाब लेटर में तृप्ति के आईएएस होने का दवा पूरी तरह से फर्जी निकला. पुलिस जांच में आरोपी के ठिकानों से सरकारी लेटरहेड, फर्जी पहचान पत्र, नियुक्ति से संबंधित दस्तावेज और कई आईएएस, भारत सरकार लिखी हुई ट्रॉफियां मिली है.
पुलिस ने आरोपी तृप्ति सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. तृप्ति के ऊपर चंदेरी से लेकर भोपाल तक करीब अब डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी का हिसाब जोड़ा गया है. इस मामले में तृप्ति के भाई सुधांसु राजपूत को गिरफ्तार किया है.
ये भी पढे़ं- कोचिंग में छात्रों को देती थी UPSC परीक्षा के टिप्स, अफसर वाला दिखाती थी रौब…, फर्जी IAS तृप्ति सिंह के खुले राज
