Vistaar NEWS

MP News: हरदा में जमीन विवाद बना मौत की वजह, जनसुनवाई में किसान ने खाया जहर, इलाज के दौरान तोड़ा दम

symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

MP News: हरदा जिले में जमीन के विवाद से परेशान एक किसान की मौत का मामला सामने आया है. हंडिया तहसील के ग्राम अजनास रैय्यत निवासी 55 वर्षीय किसान भगत विश्वकर्मा ने मंगलवार को जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई के दौरान कथित तौर पर जहरीले पदार्थ खा लिया.

उनकी तबीयत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना के बाद परिजनों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है. किसान ने तबीयत बिगड़ने से पहले मीडिया के सामने सल्फास खाने की बात भी कही थी.

जमीन विवाद का आरोप

मृतक के बेटे राकेश विश्वकर्मा का आरोप है कि छह एकड़ कृषि भूमि को लेकर उनके पिता का लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था. उनका कहना है कि बड़े पिता जगदीश विश्वकर्मा और उनके बेटे नर्मदाप्रसाद विश्वकर्मा की ओर से लगातार दबाव बनाया जाता था और पुलिस की मिलीभगत से उनके पिता को जमीन से बेदखल कर दिया गया था. इसी तनाव के कारण उनके पिता मानसिक रूप से परेशान चल रहे थे.

सीएमएचओ ने दी जानकारी

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एचपी सिंह ने बताया कि जिला पंचायत परिसर में एक व्यक्ति की तबीयत खराब होने की सूचना मिलने पर तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाकर इलाज शुरू कराया गया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बचाई जा सकी.

कलेक्टर ने बताई विवाद की स्थिति

कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने बताया कि किसान और उसके भाई के बीच जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. एसडीएम न्यायालय से अपील खारिज होने के बाद मामला संभाग आयुक्त न्यायालय में विचाराधीन है.

इसके अलावा सिविल कोर्ट से भी इस प्रकरण में स्थगन आदेश जारी किया गया था. उन्होंने बताया कि इसी विवाद को लेकर पहले भी कई घटनाएं हो चुकी हैं और संबंधित मामले थाने में दर्ज हैं. प्रशासन पूरे घटनाक्रम की जांच कर रहा है.

ये भी पढे़ं- शादीशुदा युवक और नाबालिग का शव एक ही फंदे पर लटका मिला, धार में शुरुआती जांच में प्रेम प्रसंग की बात

Exit mobile version