Bhopal Farmers Protest: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कई दिनों से जारी किसानों का आंदोलन गुरुवार को समाप्त हो गया. संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के नेतृत्व में आंदोलन कर रहे किसानों ने सरकार के साथ हुई सकारात्मक बातचीत के बाद धरना वापस लेने का ऐलान किया.
सरकार ने मूंग की MSP पर खरीद बढ़ाने, खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने और अन्य मांगों पर कार्रवाई का भरोसा दिया. इसके बाद किसान संगठनों ने आंदोलन खत्म करने का फैसला लिया.
मूंग खरीद और ई-टोकन बना आंदोलन का कारण
किसानों की मुख्य मांग मूंग की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर अधिक खरीद सुनिश्चित करने की थी. उनका कहना था कि इस बार मूंग का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर पर हुआ है, लेकिन सीमित सरकारी खरीद के कारण किसानों को अपनी उपज बाजार में कम कीमत पर बेचनी पड़ रही थी. इसके अलावा खाद वितरण के लिए लागू ई-टोकन व्यवस्था को भी किसानों ने अव्यवहारिक बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की थी.
सरकार ने बढ़ाई MSP पर खरीद की सीमा
कृषि मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने बताया कि केंद्र सरकार ने इस वर्ष 4.52 लाख मीट्रिक टन ग्रीष्मकालीन मूंग खरीद का लक्ष्य तय किया है. पहले पात्र किसानों की केवल 25 प्रतिशत उपज खरीदी जानी थी, लेकिन अब इसे बढ़ाकर 60 प्रतिशत कर दिया गया है. इसके साथ ही स्लॉट बुकिंग की अंतिम तिथि 10 अगस्त और खरीद की अंतिम तिथि 20 अगस्त तक बढ़ा दी गई है, जिससे अधिक किसानों को लाभ मिल सकेगा.
ई-टोकन व्यवस्था फिलहाल स्थगित
सरकार ने खाद वितरण के लिए लागू ई-टोकन प्रणाली पर भी फिलहाल रोक लगा दी है. कृषि मंत्री के अनुसार शुरुआती स्तर पर इस व्यवस्था में कई व्यावहारिक समस्याएं सामने आई हैं. इन्हें दूर करने के लिए कृषि उत्पादन आयुक्त की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति बनाई जाएगी, जो व्यवस्था की समीक्षा कर सुधार के सुझाव देगी. तब तक पुरानी व्यवस्था के अनुसार खाद वितरण किया जाएगा.
चार दिन तक चला आंदोलन, बातचीत से निकला समाधान
27 जुलाई को नर्मदापुरम से शुरू हुई किसान क्रांति पदयात्रा के बाद हजारों किसान भोपाल पहुंचे और वीर सावरकर सेतु के पास धरने पर बैठ गए. 29 जुलाई को किसानों और सरकार के बीच कई दौर की बातचीत हुई, लेकिन सहमति नहीं बन सकी. आखिरकार 30 जुलाई को सरकार के आश्वासन के बाद संयुक्त किसान मोर्चा ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा कर दी. इसके साथ ही राजधानी में डटे किसान अपने-अपने जिलों के लिए रवाना हो गए.
ये भी पढे़ं- MP News: मूंग खरीदी पर मध्य प्रदेश सरकार का बड़ा फैसला, 25% से बढ़ाकर 60% उपज MSP पर खरीदेगी
