Vistaar NEWS

MP में दो दिन की रोक के बाद आज से खाद की बिक्री शुरू, 82 लाख से ज्यादा किसानों को मिलेगी राहत

Fertilizer

खाद

MP News: मध्य प्रदेश में खाद को लेकर किसानों के लिए राहत की खबर है. दो दिनों तक बंद रहने के बाद आज 17 अगस्त से प्रदेशभर में उर्वरकों की बिक्री और वितरण दोबारा शुरू किया जा रहा है. सरकार ने 15 और 16 अगस्त को खाद के स्टॉक के सत्यापन के चलते बिक्री पर रोक लगाई थी. इस दौरान भारत सरकार के पोर्टल पर दर्ज स्टॉक और रिटेलर्स के पास मौजूद खाद का मिलान किया गया.

स्टॉक वेरिफिकेशन के बाद बिक्री शुरू

कृषि विभाग के अधिकारियों के मुताबिक स्टॉक वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है. अब किसानों को नियमित रूप से खाद उपलब्ध कराई जाएगी. विभाग का दावा है कि प्रदेश के 82 लाख से अधिक किसानों को इससे राहत मिलेगी. खाद की उपलब्धता को लेकर भी इस साल स्थिति पिछले वर्ष की तुलना में बेहतर बताई जा रही है.

4.21 लाख टन यूरिया अभी उपलब्ध

कृषि सचिव निशांत वरवड़े के अनुसार, 1 अप्रैल से अब तक प्रदेश में 17.04 लाख टन यूरिया उपलब्ध हुआ है. इसमें से 12.83 लाख टन किसानों को वितरित किया जा चुका है, जबकि 4.21 लाख टन यूरिया अभी उपलब्ध है. पिछले साल इसी अवधि में राज्य के पास सिर्फ 1.60 लाख टन यूरिया का स्टॉक था.

डीएपी और एनपीके का भी पर्याप्त स्टॉक

डीएपी और एनपीके की बात करें तो इस अवधि में इन दोनों उर्वरकों की कुल उपलब्धता 11.20 लाख टन रही. इसमें से 7.09 लाख टन किसानों द्वारा उठाया जा चुका है. फिलहाल करीब 4.10 लाख टन डीएपी और एनपीके उपलब्ध है. पिछले साल इसी समय यह मात्रा लगभग 3 लाख टन थी.

3.17 लाख टन एसएसपी मौजूद

वहीं, सिंगल सुपर फॉस्फेट यानी एसएसपी की उपलब्धता 6.78 लाख टन रही है. इसमें से 3.61 लाख टन का वितरण हो चुका है और करीब 3.17 लाख टन एसएसपी अभी उपलब्ध है. विभाग के मुताबिक पर्याप्त स्टॉक होने से खरीफ सीजन में किसानों को खाद की उपलब्धता में परेशानी नहीं होनी चाहिए.

20 अगस्त से शुरू होगा विशेष अभियान

कृषि विभाग ने बताया कि खाद की बिक्री पर रोक 14 अगस्त की शाम 7 बजे से लागू की गई थी, ताकि केंद्र सरकार के पोर्टल और खाद विक्रेताओं के रिकॉर्ड में दर्ज स्टॉक का मिलान किया जा सके. अब यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद 17 अगस्त से बिक्री सामान्य कर दी गई है. इसके अलावा 20 अगस्त से प्रदेश में ‘हर किसान हर घर, हर खेत खाद अभियान’ शुरू किया जाएगा.

ये भी पढे़ं- MP सरकार का बड़ा फैसला, खाद की बिक्री पर लगाई रोक, स्टॉक मिलान के नाम पर लिया फैसला

Exit mobile version