Vistaar NEWS

MP में MBBS-BDS एडमिशन की काउंसलिंग का पहला शेड्यूल जारी, 5 अगस्त से शुरू होंगे रजिस्ट्रेशन

symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

MP News: मध्य प्रदेश के सरकारी और निजी मेडिकल तथा डेंटल कॉलेजों में MBBS और BDS पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए NEET UG-2026 काउंसलिंग के पहले चरण का संभावित कार्यक्रम जारी कर दिया गया है. चिकित्सा शिक्षा आयुक्त कार्यालय (DME) ने पहले राउंड की समय-सारिणी सार्वजनिक करते हुए बताया कि प्रवेश नियमों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया भी अंतिम चरण में है.

5 अगस्त से शुरू होगी पंजीकरण प्रक्रिया

काउंसलिंग प्रक्रिया में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थी 5 अगस्त से 13 अगस्त रात 11:59 बजे तक एमपी ऑनलाइन के DME पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकेंगे. इसी बीच 11 अगस्त को सीट मैट्रिक्स जारी की जाएगी, जिस पर 12 अगस्त शाम 5 बजे तक आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी. आपत्तियों के निपटारे के बाद 13 अगस्त को अंतिम सीट मैट्रिक्स प्रकाशित होगी.

14 अगस्त को जारी होगी स्टेट मेरिट लिस्ट

राज्य की मेरिट सूची 14 अगस्त को जारी की जाएगी. इसके बाद मध्य प्रदेश के मूल निवासी अभ्यर्थियों को 15 से 18 अगस्त के बीच अपनी पसंद के मेडिकल और डेंटल कॉलेजों का विकल्प भरने और उसे लॉक करने का अवसर मिलेगा.

20 अगस्त को घोषित होगा सीट आवंटन

पहले चरण का सीट आवंटन परिणाम 20 अगस्त को घोषित किया जाएगा. जिन अभ्यर्थियों को सीट आवंटित होगी, उन्हें 21 से 27 अगस्त शाम 6 बजे तक संबंधित कॉलेज में पहुंचकर दस्तावेजों का सत्यापन और प्रवेश की औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी.

अपग्रेडेशन विकल्प चुनना रहेगा अनिवार्य

विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रवेश के समय प्रत्येक अभ्यर्थी के लिए अपग्रेडेशन का विकल्प (Yes या No) चुनना अनिवार्य रहेगा. यह विकल्प नहीं भरने पर एडमिशन स्लिप जारी नहीं की जाएगी. अभ्यर्थी 27 अगस्त रात 11:55 बजे तक लॉगिन कर अपने अपग्रेडेशन विकल्प में बदलाव भी कर सकेंगे.

चिकित्सा शिक्षा विभाग ने सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय-सीमा का पालन करने और काउंसलिंग पोर्टल पर जारी होने वाले अपडेट नियमित रूप से देखते रहने की सलाह दी है.

ये भी पढे़ं- MP के 90 हजार अतिथि शिक्षकों के लिए खुशखबरी, अब साल में मिलेंगे 10 आकस्मिक अवकाश

Exit mobile version