Bhopal News: मध्य प्रदेश में अलग-अलग शहरों में खाद्य विभाग की कार्रवाई जारी है. राजधानी भोपाल में भी फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट का एक्शन जारी है. अलग-अलग होटल्स और रेस्टॉरेंट में छापेमारी की जा रही है. किचन और संबंधित एरिया की जांच की जा रही है. रंजीत होटल पर फूड डिपार्टमेंट ने छापा मारा. टीम को किचन में गंदगी का अंबार मिला.
होटल को थमाया नोटिस
दरअसल, खाद्य विभाग की टीम ने भोपाल के लेक व्यू स्थित होटल रंजीत पर सोमवार (14 सितंबर) को छापेमारी की. टीम को जांच के दौरान किचन में गंदगी मिली. इस पर विभाग ने होटल को नोटिस थमा दिया और कहा कि अगली बार इस तरह की हरकत बर्दाश्त नहीं की जाएगी. अगली बार सख्त से सख्त कार्रवाई होगी. हालांकि, खाने में किसी भी तरह की मिलावट या गंदगी नहीं मिली. खाद्य विभाग ने किचन में साफ-सफाई रखने के लिए कहा है.
खाद्य अधिकारी शिवराज सिंह का कहना है कि भोपाल के हर बड़े छोटे रेस्टोरेंट होटल में कार्यवाही चल रही है ,जहां गंदगी पाई जाएगी और नियमों का पालन नहीं किया जाएगा उनके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी.
ये भी पढ़ें: पहले ट्रेनिंग फिर ज्वाइनिंग लेटर… नौकरी के नाम पर तृप्ति सिंह ने ऐंठे थे 3 लाख रुपये, अब मामले में तीसरी FIR
कल भी कई नामचीन रेस्टॉरेंट पर हुई कार्रवाई
फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट इन दिनों में एक्शन में है. विभाग ने 13 सितंबर को कोर्टयार्ड बाय मैरियट, होटल पलाश समेत कई नामचीन होटल-रेस्टॉरेंट पर छापेमारी की. फूड सेफ्टी और स्वच्छता मानकों की जांच की गई. मैरिएट के रेस्टॉरेंट किचन से 50 किलो सड़ा हुआ आलू मिला. वहीं, न्यू मार्केट पास स्थित होटल पलाश के किचन से 8 पैकेट सड़ा हुआ मशरूम मिला. गुलमोहर स्थित होटल आदित्य ग्रैंड में ब्रेड एक्सपाइरी मिली. इसके साथ ही महादेव भोजनालय की शिकायत सीएम हेल्पलाइन में की गई थी.
