Bhopal News: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक विदेशी महिला को गिरफ्तार किया है. महिला के पास से 591 ग्राम कोकीन बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में कीमत करीब 2.96 करोड़ रुपये आंकी गई है. घाना की रहने वाली यह महिला चेन्नई से दिल्ली जा रही ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस में सफर कर रही थी.
उसने नशीले पदार्थ को अपने हैंडबैग में रखे हॉर्लिक्स के जार और एक बेलनाकार पैकेट में छिपा रखा था. DRI ने 9 नवंबर की शाम भोपाल रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर कार्रवाई करते हुए कोकीन जब्त की और महिला को गिरफ्तार कर लिया.
गुप्त सूचना के आधार पर ट्रेन में तलाशी
DRI अधिकारियों को सूचना मिली थी कि ट्रेन नंबर 12615 ग्रैंड ट्रंक एक्सप्रेस से सफर कर रही एक विदेशी महिला के पास नशीला पदार्थ है. इसके बाद टीम ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) भोपाल के एक महिला और दो पुरुष कांस्टेबलों के साथ मिलकर ट्रेन के B2 कोच में तलाशी अभियान चलाया. महिला को ट्रेन से उतारने के बाद उसके कैरी बैग और हैंड पर्स की जांच की गई. इस दौरान दो अलग-अलग पैकेटों में छिपाकर रखी गई कोकीन बरामद हुई.
हॉर्लिक्स के जार में मिले 15 कैप्सूलनुमा पैकेट
तलाशी के दौरान महिला के हैंडबैग में रखे हॉर्लिक्स के जार के अंदर टेप से लिपटे 15 कैप्सूलनुमा पैकेट मिले. इनका कुल वजन 245 ग्राम था. इसके अलावा बैग से टेप में लिपटा एक बेलनाकार पैकेट भी बरामद किया गया, जिसका वजन 346 ग्राम था. दोनों पैकेटों में मिले पदार्थ का कुल वजन 591 ग्राम निकला.
फील्ड टेस्ट में कोकीन होने की पुष्टि
DRI अधिकारियों ने जब्त किए गए पदार्थ की जांच की तो वह सफेद पाउडर के रूप में मिला. NDPS फील्ड टेस्ट किट से परीक्षण करने पर उसके कोकीन होने की पुष्टि हुई. इसके बाद अधिकारियों ने पूरी खेप जब्त कर ली. बरामद कोकीन की कीमत अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में करीब 2.96 करोड़ रुपये बताई गई है.
तस्करी के नेटवर्क की जांच में जुटी DRI
कार्रवाई के बाद महिला को मादक पदार्थों से संबंधित मामलों में लागू नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (NDPS) एक्ट, 1985 के तहत गिरफ्तार किया गया है. अब जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि महिला को कोकीन कहां से मिली और दिल्ली में इसकी आपूर्ति किसे की जानी थी. साथ ही, इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
